भाजपा सांसद और पार्टी के बंगाल अध्यक्ष दिलीप घोष फिर अपने एक बयान के कारण चर्चा में हैं। उन्होंने एक सभा के दौरान नेतागिरी पर शिक्षा देते हुए नेताओं को जेल जाने की सलाह दे डाली। उउन्होंने यह भी कहा कि अगर आप जेल नहीं जाते हैं तो आप नेता नहीं है।
दिलीप घोष ने कहा कि अगर पुलिस आपको न पकड़े तब आपको खुद वहां जाना होगा। यदि पुलिस आपको पकड़ने से इनकार कर दे तब आपको जेल जाने के लिए खुद कुछ करना होगा। तभी लोग आपकी इज्जत करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में नरम स्वभाव रखने वाले लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।
बता दें कि दिलीप घोष अक्सर अपने बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं। हाल में ही उन्होंने विवादित बयान देते हुए कहा था कि शाहीन बाग में प्रदर्शनकारियों को कुछ क्यों नहीं हो रहा जबकि वे दिल्ली की भीषण ठंड में खुले में प्रदर्शन कर रहे हैं। जबकि बंगाल में सीएए और प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी एनआरसी से घबराए लोग खुदकुशी कर रहे हैं।
घोष ने इस बात पर हैरानी जताई थी कि महिलाओं और बच्चों समेत प्रदर्शन में शामिल लोग क्यों बीमार नहीं पड़ रहे या मर क्यों नहीं रहे हैं, जबकि वे कई हफ्तों से खुले आसमान के नीचे प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा सांसद ने कहा कि आखिरकार इस प्रदर्शन के लिए पैसे कहां से आ रहे हैं।
घोष ने कहा था कि हमें पता चला है कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाएं और बच्चे दिल्ली की सर्द रातों में खुले आसमान के नीचे बैठे हैं। मैं हैरान हूं कि उनमें से कोई बीमार क्यों नहीं हुआ? उन्हें कुछ हुआ क्यों नहीं? एक भी प्रदर्शनकारी की मौत क्यों नहीं हुई?