सहारा डायरी के आधार पर प्रधानमंत्री मोदी को घेरने का दांव कांग्रेस को उल्टा पड़ गया है। जिस सहारा के सबूतों के आधार पर राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है, उस दस्तावेज को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित ने खारिज कर दिया है।
कांग्रेस ने जिस डायरी के पन्ने को ट्विटर पर जारी किया था, उसमें शीला दीक्षित के नाम सामने आने के बाद भाजपा राहुल गांधी पर हमलावर हो गई है। भाजपा ने कहा है कि यह दोहरा मापदंड नहीं चल सकता। पार्टी ने कहा राहुल गांधी मरे हुए घोड़े पर कोड़े फटकार रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट ठोस सबूतों के अभाव में पहले ही इस मामले को खारिज कर चुका है। वहीं जद यू, राजद और एनसीपी ने कहा है कि सहारा की डायरी में जिन-जिन लोगों के नाम हैं उनकी जांच होनी चाहिए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी शीला दीक्षित ने इस आरोप को मजबूती से खारिज कर दिया है।
उन्होंने इन सबूतों को बेकार बताते हुए कहा कि ‘सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में पहले ही अपना मंतव्य स्पष्ट कर दिया है। इन आरोपों में कोई दम नहीं है और मैं इन्हें पूरी तरह खारिज करती हूं।’ जब उनसे पूछा गया कि कांग्रेस ने एक लिस्ट को ट्विटर पर जारी किया है तो उन्होंने कहा कि वह इससे चकित हैं। शीला के करीबी सूत्रों ने बताया कि वह इस मामले को पार्टी के सामने उठाएंगी। गौरतलब है कि उस लिस्ट में कई लोगों के नाम हैं।