पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के विधायकों के टूटने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में तृणमूल कांग्रेस के डायमंड हार्बर से विधायक दीपक हलदार बुधवार को पश्चिम बंगाल के बरुईपुर के एक सार्वजनिक सभा में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। बता दें कि 46 दिन में वे टीएमसी छोड़ने वाले 11वें विधायक हो गए हैं।
हलदार ने सुभेंदु अधिकारी और मुकुल रॉय की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ली। हालांकि भाजपा में शामिल होने से पहले उन्होंने टीएमसी पर गंभीर आरोप लगाए।
दीपक हलदर ने सोमवार को पार्टी नेतृत्व पर उन्हें लोगों के लिए काम नहीं करने देने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि मैं दो बार विधायक चुना गया हूं, लेकिन 2017 के बाद से मुझे जनता के लिए ठीक से काम नहीं करने दिया जा रहा। इसलिए मैं पार्टी छोड़ रहा हूं।
नेतृत्व को सूचित किए जाने के बावजूद हालात को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। मुझे पार्टी कार्यक्रमों की कोई जानकारी नहीं मिलती। मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों और समर्थकों के प्रति जवाबदेह हूं।
हलदर को भाजपा नेता सोवन चटर्जी का तब से निकट सहयोगी माना जाता है, जब चटर्जी तृणमूल में थे। उन्होंने चटर्जी से दक्षिण कोलकाता स्थित उनके आवास पर हाल में मुलाकात की थी।
ममता ने किया भाजपा पर हमला
वहीं इससे पहले ममता ने लोगों से कहा कि चिंता न करें, क्योंकि इस बार मां, माटी, मानुष (टीएमसी) सरकार वापस सत्ता में आ रही है। वहीं उन्होंने भाजपा को एक गैस का गुब्बारा बताया।
वहीं तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कुछ नेताओं को दिल्ली बुलाने के लिए भाजपा द्वारा चार्टर्ड विमान की व्यवस्था किए जाने का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा कि उनके पास प्रवासी श्रमिकों की यात्रा के लिए पैसे नहीं हैं लेकिन चार्टर्ड विमानों में भ्रष्ट नेताओं को बुलाने के लिए पैसे हैं।