केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उदयनिधि स्टालिन के उस बयान को गलत बताया, जिसमें भाजपा की सफलता के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया गया था। उन्होंने कहा कि जनता अपने मतदान से सरकार चुनती है और तमिलनाडु में डीएमके की नीतियों से लोगों का भरोसा कम हुआ है। प्रधान ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश की राजनीति किसी परिवार की निजी संपत्ति नहीं है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन के उस बयान को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा की जीत के पीछे कांग्रेस जिम्मेदार है। धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा, "लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी नेता होती है। वही तय करती है कि किसे चुना जाएगा। डीएमके के खराब शासन और जनविरोधी राजनीति के कारण उसने तमिलनाडु के लोगों का भरोसा खो दिया है। हताशा में वे इस तरह की बातें कर रहे हैं।"
विज्ञापन
प्रधान ने यह भी कहा कि देश की जनता लगातार कांग्रेस पार्टी को नकारती रही है। इससे पहले डीएमके युवा विंग की बैठक को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने कहा था कि पहले उन्हें लगता था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह भाजपा की लगातार जीत के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन अब उन्हें लगता है कि असली वजह कांग्रेस है।
राहुल गांधी पर प्रधान ने साधा निशाना
नीट मुद्दे को लेकर धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की मांग कर रहे यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि पीएम जनता के जनादेश से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, विपक्ष की दया से नहीं। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी सोचते हैं कि यह देश उनकी जमींदारी या जागीर है। दुर्भाग्य से हालिया चुनाव में देश की जनता ने कुछ और फैसला किया।"
सीबीएसई पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी के सवाल पर प्रधान ने कहा कि सरकार ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और अब समस्या का समाधान कर लिया गया है। यह गड़बड़ी खासतौर पर 12वीं के उन छात्रों को प्रभावित कर रही थी, जो पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन कर रहे थे।
तमिलनाडु में नई सरकार को लेकर क्या बोले धर्मेंद्र प्रधान?
प्रधान ने कहा, "आईआईटी मद्रास और आईआईटी कानपुर के विशेषज्ञ तकनीकी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। फिलहाल पोर्टल सुचारू रूप से काम कर रहा है।" तमिलनाडु में केंद्र की योजनाओं को लेकर सहयोग के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने राज्य में हुए राजनीतिक बदलाव का स्वागत किया और नई सरकार के साथ मिलकर काम करने की बात कही।
उन्होंने कहा, "मैं तमिलनाडु की जनता के फैसले का स्वागत करता हूं। मैं तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय का स्वागत करता हूं।" प्रधान ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर काम करेंगे, जो देश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार नई राज्य सरकार के साथ सांविधानिक भावना के तहत विस्तृत चर्चा को तैयार है।