राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने वाले बयान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन पर चुटकी ली है। उन्होंने कहा कि मुंगेरीलाल के सपने देखने को कोई मना करता है किया। बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार खुद को पीएम पद का दावेदार बताया है। उन्होंने कहा कि अगर हम 2019 का चुनाव जीते तो मैं पीएम बन सकता हूं। उन्होंने यह बयान पीएम बनने के सवाल पर दिया। उन्होंने कहा, मैं क्यों पीएम नहीं बनूंगा, अगर 2019 का चुनाव जीते तो जरूर पीएम बन सकता हूं।
राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे शख्स को कर्नाटक सीएम पद का उम्मीदवार क्यों बनाया है जो जेल जा चुका है और भ्रष्ट है। राहुल ने यह बात कर्नाटक में बीजेपी के सीएम पद के उम्मीदवार येदियुरप्पा के संदर्भ में कही। आपको बता दें कि येदियुरप्पा को भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जाना पड़ा था।
राहुल गांधी ने एक अन्य जनसभा में भाजपा ही नहीं जेडीएस पार्टी पर भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने भाजपा के सीएम पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा को भ्रष्टचारी बताया है। उन्होंने जनता से पूछा कि आप कैसा सीएम चाहते हैं गरीबों का सीएम या भ्रष्टाचारी। उन्हेंने कहा कि कर्नाटक चुनाव में विचारधारा की लड़ाई है यहां एक तरफ कांग्रेस है और एक तरफ भाजपा जबकि बीच में जनता दल है।
राहुल गांधी ने इस दौरान जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) पर भी जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जेडीएस का मतलब जनता दल सेक्युलर नहीं बल्कि जनता दल संघ परिवार है।