कानपुर से हिजबुल मुजाहिदीन के एक सदस्य और इसके बाद राज्य से उसके सात सहयोगियों की गिरफ्तारी के कुछ दिनों के बाद असम पुलिस ने यहां आतंकवादी गतिविधियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस महानिदेशक कुलधर सैकिया ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सैकिया ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में संवाददाताओं से कहा, ‘‘कानपुर से असम के रहने वाले हिज्बुल मुजाहिदीन के सदस्य कमर-उज-जमां की गिरफ्तारी कई एजेंसियों का संयुक्त प्रयास थी। कमर की गिरफ्तारी के बाद हमने यहां सात लोगों को गिरफ्तार किया।’’
सैकिया ने कहा कि हिज्बुल मुजाहिदीन से संदिग्ध संबंधों के लिए असम में अब तक गिरफ्तार लोगों से पूछताछ चल रही है और पूछताछ सही दिशा में बढ़ रही है।
कमर-उज-जमां को हिरासत में लेने के बारे में पूछे गये सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘कानपुर गयी असम पुलिस की टीम वापस लौट आयी है। हम उससे मिली जानकारी पर काम करेंगे।’’