विमानन नियामक डीजीसीए उड़ानों में पावर बैंक के इस्तेमाल पर कुछ प्रतिबंध लगा सकता है। 19 अक्तूबर को इंडिगो की एक उड़ान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने की घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) उड़ानों में पावर बैंक के इस्तेमाल की जांच कर रहा है।
विमानन नियामक नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) विमानों में पावर बैंक के उपयोग पर कुछ प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कदम वैश्विक मानकों का अध्ययन करने के बाद उठाया जा सकता है।
विज्ञापन
यह कदम 19 अक्तूबर को इंडिगो की एक उड़ान में यात्री के पावर बैंक में आग लगने की घटना के बाद उठाया जा रहा है। उस घटना के बाद डीजीसीए ने विमानों में पावर बैंक के इस्तेमाल से जुड़ी नीतियों की समीक्षा शुरू की है। अधिकारी ने बताया कि पावर बैंक के इस्तेमाल पर कुछ सीमाएं लगाई जा सकती हैं, लेकिन इस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, हम वैश्विक प्रथाओं का अध्ययन कर रहे हैं, उसके बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
पावर बैंक में लग गई थी आग
दरअसल, दिल्ली हवाई अड्डे पर 19 अक्तूबर को दीमापुर जाने वाले इंडिगो विमान के रनवे पर जाने की प्रक्रिया के दौरान दिल्ली हवाई अड्डे पर एक यात्री के ‘पावर बैंक’ में आग लग गई और चालक दल के सदस्यों ने आग को बुझा दिया।नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा था कि डीजीसीए इस घटना की समीक्षा करेगा।
विज्ञापन
विमान में ‘इलेक्ट्रॉनिक’ सामान विशेषकर ‘लिथियम बैटरी’ वाले सामान, ले जाने के संबंध में कठोर नियम हैं।खबरों के अनुसार, पिछले सप्ताह एयर चाइना के एक विमान के ऊपरी डिब्बे में रखी ‘लिथियम बैटरी’ में आग लग गई। यह विमान हांग्जो से सियोल जा रहा था।