गरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए उन्हें सबसे बड़ा नेता बताया, जो अपने विशाल अनुभव के साथ देश का नेतृत्व कर सकते हैं। साथ ही देवेगौड़ा ने पीएम मोदी को एक पिछड़ी महिला को राष्ट्रपति चुनने के लिए धन्यवाद भी कहा।
विपक्ष के आरोपो का किया जिक्र
पूर्व पीएम ने मोदी सरकार पर विपक्ष द्वारा लगाए गए सांप्रदायिक और संघीय ढांचे के दुश्मन होने के आरोपों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब मोदी को तीसरे कार्यकाल में पूर्ण बहुमत नहीं मिला, तब क्षेत्रीय दल उनका समर्थन करने के लिए एकजुट हो गए। देवेगौड़ा ने कहा कि मोदी के पास प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रशासन चलाने का अच्छा अनुभव है, और वह इस देश के सबसे बड़े नेता हैं, जो देश को चला सकते हैं।
राष्ट्रपति के भाषण की सराहना की
देवेगौड़ा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भाषण में मध्यम वर्ग, युवा और महिलाओं को प्राथमिकता दिए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए एक स्थिर सरकार की जरूरत है, जो पांच साल तक चले। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय दलों के समर्थन से मोदी की सरकार पांच साल तक चलेगी।
वित्तीय सहायता पर भी की बात
देवेगौड़ा ने किसानों और अन्य योजनाओं के लिए घोषित वित्तीय सहायता पर भी बात की। उन्होंने विपक्ष की आलोचना को बहुत मुश्किल बताया। उन्होंने अपने जीवन के शुरुआती वर्षों में आई चुनौतियों और राजनीति में संघर्षों के बारे में भी बतया। देवेगौड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल भले ही छोटा था, लेकिन इस दौरान उन्होंने राजस्थान के जाट समुदाय को आरक्षण दिया। साथ ही इसके साथ ही कर्नाटका की कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए देवेगौड़ा ने बेंगलुरु में पानी की कमी का मुद्दा उठाया और कहा कि सिर्फ पीएम मोदी ही इस समस्या का समाधान कर सकते हैं।