शुक्रवार को चेन्नई से पोर्टब्लेयर की उड़ान के दौरान गायब हुआ वायुसेना का एएन-32 विमान अब तक लापता है। सेना की ओर से पूरी ताकत झोंक देने के बावजूद इसे ढूंढने में कामयाबी नहीं मिल सकी है।
अब इसरो भी सेटेलाइट से जुड़ी तकनीक रडार इमेजिंग के जरिये विमान का सुराग पाने की कोशिश कर रहा है। रक्षा मंत्री मनोहर परिकर ने शनिवार को खोजी विमान पर सवार होकर हालात का जायजा लिया।
फ्लैग ऑफिसर आलोक भटनागर ने बताया कि तलाश जारी है। अब तक दुर्घटना की आशंका से संबंधित किसी जगह की पहचान नहीं की जा सकी है। एयर मार्शल ए के सिंह के मुताबिक जहाज में सवार लोगों के बचने की संभावना लगातार कम होती जा रही है।
उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि संपर्क टूटने से पहले विमान 23000 फीट की ऊंचाई से अचानक जमीन की तरफ आया था। यह हाल के इतिहास का सबसे बड़ा खोजी अभियान साबित हो रहा है। खराब मौसम की वजह से भी बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।