प्यार करने वाले प्रेमी जोड़ों पर कोरोना भारी पड़ा। 14 फरवरी को हजारों की संख्या में युवा प्रेमी जोड़े मुगल गार्डन देखने से वंचित रह गए क्योंकि इस बार मुगल गार्डेन में केवल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही प्रवेश मिल रहा है। इस बात की जानकारी न होने से अनेक युवा वैलेंटाइन डे पर अपने प्रेमियों के साथ मुगल गार्डन पहुंचे लेकिन उन्हेंं निराश होना पड़ा।
मुगल गार्डन प्रेमियों के लिए बड़ी चिंता यह है कि इस बार सुुबह 10 बजे से शाम पांच बजे के बीच सौ-सौ के स्लॉट में ही गार्डेन में प्रवेश की अनुमति मिल रही है। वहीं, एक ग्रुप में केवल चार लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति है, जिससे भारी संख्या में लोगों को प्रवेश नहीं मिल पा रहा है।
मुगल गार्डन की सुरक्षा में लगे एक जवान के मुताबिक, कोरोना काल में मुगल गार्डन में प्रवेश के लिए नियम बदल गए हैं, लेकिन भारी संख्या में अभी भी लोगों को इसकी जानकारी नहीं हो पाई है। इसके कारण अनेक लोगों को यहां से निराश होकर लौटना पड़ा। कई लोग परिवार के साथ भी फूलों का दीदार करने पहुंचे, लेकिन एक ग्रुप में रजिस्टर करा चुके केवल चार लोगों को ही प्रवेश दिया जा रहा है। ऐसे में कई लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।
हर वर्ष लाखों की संख्या में दर्शक मुगल गार्डन देखने पहुंचते हैं, लेकिन इस साल एक ग्रुप में लोगों की संख्या पर प्रतिबंध होने के कारण बेहद कम लोग मुगल गार्डन देख पा रहे हैं। इस साल कुल पचीस हजार दर्शकों से भी कम लोगों को ही गार्डन देखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा दर्शकों को म्यूजिकल फाउंटेन या फूलों की घाटी जैसे प्वाइंट पर ज्यादा देर रुकने की अनुमति नहीं होगी।
यह हैं इस साल के नए नियम
इस वर्ष मुगल गार्डन देखने के लिए कोरोना को देखते हुए नियमों में बदलाव किया गया है। दर्शकों के लिए मुगल गार्डन के अंदर भी शारीरिक दूरी बनाकर रखना अनिवार्य किया गया है। दस साल से कम उम्र के बच्चों और 65 वर्ष से ज्यादा उम्र के वृद्ध लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही प्रवेश मिल रहा है, लेकिन गार्डन पहुंचने के बाद भी लोगों के तापमान, खांसी-जुकाम जैसे लक्षणों की जांच की जा रही है। इसके बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जा रहा है।
मुगल गार्डन देखने के लिए दर्शकों को अपने साथ पहचान पत्र रखना भी अनिवार्य होगा। बता दें, आम जनता के लिए 13 फरवरी से ही मुगल गार्डन खुल चुका है। यह 21 मार्च तक खुला रहेगा और हर सोमवार को गार्डन बंद रहेगा।