नोटबंदी के फैसले के खिलाफ विपक्षी दलों ने सोमवार को देश भर में विरोध प्रदर्शन किया। यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा समेत अन्य राज्यों में कांग्रेस, लेफ्ट, तृणमूल कांग्रेस व अन्य कई विपक्षी दलों के नेता सड़कों पर उतरे और नोटबंदी के लिए मोदी सरकार की आलोचना की। हालांकि वामदल शासित केरल और त्रिपुरा के बंद को छोड़कर ज्यादातर जगहों पर आम जनजीवन सामान्य रहा।
वामदलों ने सोमवार को 12 घंटे के बंद के आह्वान किया था, जिसके चलते केरल और त्रिपुरा में जनजीवन ठप रहा। जबकि कांग्रेस, तृणमूल और अन्य कई दलों ने आक्रोश दिवस के तहत सिर्फ विरोध प्रदर्शन किए। जदयू और बीजद ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया। भाजपा ने विपक्ष के विरोध और बंद को फ्लॉप शो करार दिया और कहा कि विपक्षी दलों की अपील को जनता ने खारिज कर दिया। जनता ने बता दिया है कि उसे बंद और विरोध प्रदर्शन की अपील करने वाले दागी दलों में कोई भरोसा नहीं है।
कांग्रेस और आप समेत अन्य दलों ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया और नोटबंदी से लोगों को हो रही परेशानी को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला। यूपी के लखनऊ समेत तमाम शहरों में कांग्रेस, वामदलों और आप ने सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन किया। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आक्रोश दिवस रैली के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष दर्शन सिंह की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
कमिश्नर को ज्ञापन देने के बाद वह अचानक गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, मगर उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। बिहार में बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला। वाम दलों ने कई जगहों पर जोरदार प्रदर्शन किया। कई जिलों में सड़क मार्ग जाम कर दिया, तो कहीं रेल के परिचालन को ही रोक दिया। तमिलनाडु में एमके स्टालिन समेत द्रमुक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के बाद गिरफ्तारी दी। महाराष्ट्र में भी कांग्रेस और एनसीपी ने विरोध प्रदर्शन किए।
वामपंथी दलों की बंद की अपील का पश्चिम बंगाल में कोई खास असर नहीं नजर आया। यहां सुबह से ही ट्रेनें, बसों, और ट्रामों का संचालन सामान्य रहा। तमाम दफ्तर भी खुले रहे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस बंद का विरोध किया था।
भारत बंद पर किस नेता ने क्या कहा?
- फोटो : अमर उजाला
नोटबंदी के फैसले के चलते लोगों को जान गंवानी पड़ रही है और प्रधानमंत्री मन की बात में कैशलेस सोसाइटी की बात कर रहे हैं। उन्हें पता होना चाहिए कि देश में बहुत कम लोग क्रेडिट व डेबिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं।
आनंद शर्मा, कांग्रेस
नोटबंदी के फैसले से आम लोगों को भारी मुसीबतों से जूझना पड़ रहा है। मोदी तुरंत नोटबंदी का फैसला वापस लें।
ममता बनर्जी, पश्चिम बंगाल की सीएम
विपक्ष का भारत बंद फ्लॉप शो रहा है। विपक्ष को अब भी जमीनी हकीकत को स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री के नोटबंदी के निर्णय के साथ खड़ा हो जाना चाहिए।
श्रीकांत शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव
बंदी बेअसर, आम दिनों की तरह खुले बाजार
इलाहाबाद में भारत बंद का शहर में कोई असर नहीं रहा। सोमवार को चौक, जानसेनगंज, मुट्ठीगंज, सिविल लाइंस, कटरा समेत अन्य इलाकों के बाजारों में दुकानें आम दिनों की तरह की खुलीं। हालांकि पांच सौ के नए नोट न होने के कारण दुकानों में ग्राहकों की संख्या काफी कम नजर आई।
वामपंथी पार्टियों की ओर से बंद के समर्थन में जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। अल्लापुर व्यापार मंडल की ओर से बंदी के विरोध के बाद सोमवार को वहां दुकानें एक घंटा अधिक खुली रहीं। भाजपा युवा मोर्चा एवं विहिप ने नोटबंदी का समर्थन में प्रदर्शन किया।