नोटबंदी के बाद से नकदी की किल्लत की मार झेल रहे आम लोगों को बिग बाजार ने राहत भरी खबर दी है। बिग बाजार ने कहा है कि 24 नवंबर से उसके ग्राहक डेबिट कार्ड्स स्वैप कर दो हजार रुपये की नकदी निकाल सकेंगे। 24 नवंबर से देशभर के 115 शहरों के 258 बिग बाजार और एफबीबी स्टोरों में यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। इस काम में एसबीआई बिग बाजार की मदद कर रहा है।
मोबाइल बैंकिंग पर शुल्क नहीं
देश में नकदी की किल्लत को देखते हुए टेलीकॉम कंपनियों ने मोबाइल बैंकिंग पर लगने वाले शुल्क को नहीं लेने का फैसला किया है। टेलीकॉम कंपनियों ने आगामी 31 दिसंबर तक यह छूट देने का फैसला किया है।
हवाई अड्डों पर 28 नवंबर तक पार्किंग फ्री
नकदी संकट को देखते हुए सरकार ने हवाई अड्डों पर फ्री पार्किंग की सुविधा 28 नवंबर तक बढ़ा दी है। विमानन मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि हवाई अड्डों पर अब एक सप्ताह और पार्किंग शुल्क नहीं वसूला जाएगा।
जनधन खातों के लिए चेकबुक व एटीएम कार्ड जारी करने पर रोक
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने जनधन योजना के खाता धारकों को चेकबुक और एटीएम कार्ड (रुपे) जारी करने पर रोक लगा दी है। अब कोई भी बैंक जांच किए बिना जन धन खातेदारों को चेकबुक और रुपे कार्ड नहीं देगा। जो कार्ड पहले से जारी हैं उनको ब्लॉक कर दिया गया है।