देश में कोरोना संकट 2.0 के चलते सार्वजनिक कार्यक्रम, कार्मिकों की ट्रेनिंग और कार्यालय ड्यूटी के शेड्यूल में कई तरह के बदलाव किए जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रालयों एवं सरकारी विभागों का प्रयास है कि कोरोना काल में ऐसा कोई समारोह आयोजित करने से बचा जाए, जहां पर भीड़ एकत्रित होती हो। इन सबके बीच आईपीएस प्रोबेशनरी ऑफ 72 रेग्यूलर रिक्रूट 'आरआर' (2019 बैच) की दिल्ली यात्रा आयोजित की जा रही है।
ये प्रोबेशनरी आईपीएस 19 अप्रैल को वसंत कुंज स्थित शौर्य ऑफिसर इंस्टीट्यूट में पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सीआरपीएफ की 27वीं बटालियन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बारे में बत जारी आदेशों में कहा गया है कि सिक्योरिटी, ट्रैफिक और पार्किंग का इंतजाम सीआरपीएफ को ही करना होगा।
आईपीएस प्रोबेशनरी ऑफ 72 रेग्यूलर रिक्रूट 'आरआर' 19 अप्रैल को सुबह 11 बजे शौर्य ऑफिसर इंस्टीट्यूट में पहुंचेंगे। इस दौरान सीआरपीएफ विशेष सुरक्षा घेरा तैयार करेगी। सुरक्षा इंतजाम के लिए 30 से ज्यादा जवानों को तैनात किया जाएगा। चूंकि उस समारोह में कई बड़े अधिकारी शिकरत करेंगे, इसलिए यातायात व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी भी सीआरपीएफ को सौंपी गई है। यातायात व्यवस्था के लिए भी तीस जवानों को लगाया जाएगा। सीआरपीएफ के इन सभी जवानों को यातायात व्यवस्था की बारीकियों से अवगत करा दिया गया है।
समारोह में किसी तरह की कोई बाधा न पहुंचे, इसके लिए वहां बीबीडी यानी 'बिहेवियर ड्राइवर डेवलपमेंट' सिक्योरिटी टेस्टिंग फ्रेमवर्क, डॉग स्क्वायड और एंटी सैबोटेज टीम तैनात की जाएगी। इंस्टीट्यूट में डॉक्टर और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। कार कॉलिंग और पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी सीआरपीएफ द्वारा लगाया जाएगा। फायर टेंडर के साथ ही वहां पर क्विक एक्शन टीम विद् बीपी जिप्सी रहेगी। समारोह में आने वाले लोगों की गाड़ियां पार्किंग में लगाने के लिए सीआरपीएफ के आधा दर्जन ड्राइवर इंस्टीट्यूट में तैनात किए जा रहे हैं।