फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली हिंसा में अब तक 28 की मौत, 30 की हालत गंभीर, अदालतों ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

Thu, 27 Feb 2020 05:23 AM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

देश की राजधानी दिल्ली में अब तक 250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं तो 30 से अधिक की हालत गंभीर बनी हुई है। यहां अमन बहाली की कमान एनएसए अजित डोभाल के हाथ में है। छिटपुट वारदातों के अलावा ज्यादातर इलाकों में फिलहाल शांति बनी हुई है। हालात पर गृह मंत्रालय भी नजर बनाए हुए है।
विज्ञापन
दिल्ली हिंसा - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर पूर्वी दिल्ली में छिटपुट वारदातों को छोड़कर बुधवार को ज्यादातर इलाकों में शांति रही। हालांकि 15 और लोगों की मौत के बाद मरने वालों का आंकड़ा 28 हो गया है। वहीं, 250 से अधिक लोग घायल हैं, इनमें 30 की हालत नाजुक है। मृतकों में आईबी के जवान अंकित शर्मा भी हैं। 

विज्ञापन


इस बीच, हिंसा पर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए बेहद सख्त टिप्पणियां की। दूसरी ओर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने खुद मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा कर गृहमंत्री अमित शाह को स्थिति से अवगत कराया।

हिंसाग्रस्त इलाकों में बुधवार को अघोषित कर्फ्यू रहा। ब्रह्मपुरी रोड से घोंडा चौक, नूर-ए-इलाही चौक, यमुना विहार के चप्पे-चप्पे पर आईटीबीपी और सीआरपीएफ तैनात रही। करावल नगर रोड, बृजपुरी रोड, शिव विहार, मुस्तफाबाद, मौजपुर, जाफराबाद, सीलमपुर, ज्योति नगर, मौजपुर, गोकलपुरी, चांदबाग, वेलकम आदि इलाकों में भी पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात रहा। करावलनगर में बुधवार सुबह उपद्रवियों ने एक दुकान और कार में आग लगा दी। 
विज्ञापन


मंगलवार रात शिव विहार, चमन पार्क और बृजपुरी रोड के हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। खजूरी खास के ई और सी ब्लॉक में 50 से अधिक दुकानों, घरों व फैक्टरियों को जला दिया गया। बृजपुरी रोड पर अरुण सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चमन पार्क में राजधानी पब्लिक स्कूल और डीआरपी पब्लिक स्कूल के अलावा कई धार्मिक स्थलों, मकानों, दुकानों को आग के हवाले किया गया। 100 से अधिक वाहन फूंके गए। तीन दिन में 800 से अधिक दुकानों, मकानों, फैक्टरियों और हजारों छोटे-बड़े वाहन फूंके गए हैं।

ड्रोन से छतों पर रखी जा रही नजर

दिल्ली के हालात पर गृह मंत्रालय लगातार नजर रखे है। मंगलवार को स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) का चार्ज संभालने वाले विशेष आयुक्त एसएन श्रीवास्तव सहित कई संयुक्त आयुक्त बुधवार को पैदल मार्च करते दिखे। शांति बहाली के लिए अर्धसैनिक बलों की 45 कंपनियों को लगाया गया है। पुलिस के प्रवक्ता एमएस रंधावा ने बताया, ड्रोन से हिंसाग्रस्त इलाकों की निगरानी की जा रही है।

इन नंबरों पर कॉल करें

पुलिस ने कहा, कोई शिकायत या सूचना देने के लिए 112 और 011-22829334 तथा 011-22829335 पर फोन किया जा सकता है।

18 एफआईआर, 106 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने बताया कि शाम तक दिल्ली हिंसा मामले में 18 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 106 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पत्थरबाजी में आईबी कर्मी की मौत

पुलिस के मुताबिक, चांदबाग निवासी आईबी जवान अंकित की मौत दंगाइयों की पत्थरबाजी में हुई है। वह दो दिन से लापता थे, उनका शव चांद बाग में नाले से मिला। कुछ दिन पहले ही अंकित की आईबी में नौकरी लगी थी।

शहीद हेड कांस्टेबल के परिवार को एक करोड़

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, शहीद हेड कांस्टेबल रतन लाल के परिवार को एक करोड़ रुपये की मदद दी जाएगी। उन्होंने कहा, दिल्ली हिंसा में बाहरी लोग शामिल थे। इस बीच रतन लाल का राजस्थान के सीकर स्थित उनके पैतृक गांव में बुधवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, दिल्ली हिंसा में मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

केंद्र सरकार भी देगी एक करोड़

हेड कांस्टेबल रतन लाल कानून व्यवस्था को संभालते हुए शहीद हो गए। भारत सरकार उन्हें शहीद घोषित करती है, साथ ही परिवार को एक करोड़ रुपये की मदद व परिवार के एक सदस्य को नौकरी देगी। शहादत की कीमत नहीं हो सकती, लेकिन सरकार ने संवेदनशीलता दर्शायी है।
- जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष
 

स्थिति नियंत्रण में, घबराने की जरूरत नहीं : डोभाल

स्थिति पूरी तरह काबू में है। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। लोग पूरी तरह आश्वस्त हैं। हमें सुरक्षा एजेंसियाें पर पूरा भरोसा है। पुलिस सतर्क है और अपना काम कर रही है।
- अजित डोभाल, एनएसए
 

ट्रंप के जाने के बाद पीएमओ भी सक्रिय

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के जाते ही पीएमओ भी सक्रिय हो गया है। गृहमंत्रालय के सूत्रों ने बताया, पीएमओ ने उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। वहीं, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से जमीनी हालात की जानकारी ली। इसके बाद शाह ने डोभाल के साथ बैठक की। पीएम मोदी और शाह से मुलाकात के बाद ही एनएसए ने मंगलवार रात हिंसाग्रस्त उत्तर पूर्वी दिल्ली का दौरा किया था।

केजरीवाल, सिसोदिया ने किया दौरा

सीएम अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा किया। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद दोनों नेता लोगों से मिलने पहुंचे।

हिंसा में जान गंवाने वाले 17 लोगों की पहचान

विज्ञापन

  • जाफराबाद निवासी प्रवेश (46)
  • मुस्ताफाबाद निवासी शाहिद (25) पुत्र अल्लाह महर
  • करावल नगर निवासी राहुल सोलंकी (26) पुत्र हरि सिंह
  • बाबरपुर निवासी मुबारक हुसैन (28) पुत्र इब्राहिम
  • ज्योति नगर निवासी दीपक (34)
  • दयालपुर निवासी आशत्क हुसैन (22) पुत्र आगाज हुसैन
  • मुस्ताफाबाद निवासी जाकिर (24) पुत्र शब्बीर अहमद
  • ब्रजपुरी निवासी महताब (22) पुत्र मुन्ना खान
  • ब्रजपुरी निवासी राहुल ठाकुर (23) पुत्र दिलीप सिंह
  • कबीर नगर निवासी इशाक खान (24) पुत्र मो. अस्ताक
  • लोनी निवासी शान मोहम्मद (35) पुत्र गिरीश खान
  • मुस्तफाबाद निवासी मो मुदस्सर (30)
  • करावल नगर निवासी वीरभान (50) पुत्र किरणफूल
  • कर्दम पुरी निवासी मो. फुरकान (30)
  • गोकुलपुरी निवासी रतन लाल (22)
  • चांद बाग निवासी अंकित शर्मा (26)
  • चमन पार्क निवासी दिलबर
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें