दिल्ली पर्यटन का प्रचार कर हर महीने 50 हजार रुपये कमाने का अवसर मिल सकता है। दिल्ली सरकार पहली बार इस योजना में 40 युवाओं का चयन करेगी। ये युवा दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए काम करेंगे।
यदि आप दिल्ली को एक पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित कर सकते हैें तो यह आपके लिए पैसा कमाने का एक शानदार अवसर हो सकता है। दिल्ली सरकार ने निर्णय लिया है कि वह दिल्ली को एक शानदार पर्यटन स्थल के रूप में प्रचारित करने वाले युवाओं को हर महीने 50 हजार रूपये की आर्थिक सहायता देगी। एक साल के इस प्रोग्राम के अंत में युवाओं को प्रमाण पत्र भी दिया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने वाले युवाओं की उम्र 35 वर्ष से कम होनी चाहिए।
विज्ञापन
राष्ट्रीय राजधानी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल बनाने की योजना
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को एक कार्यक्रम में यह जानकारी दी है कि सरकार दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। इसके लिए वह पर्यटन में रुचि रखने वाले युवाओं की मदद लेगी। जो युवा डिजिटल मीडिया का उपयोग करने में दक्ष हों, सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली का लोगों के बीच प्रचार कर सकते हों, उन्हें दिल्ली पर्यटन का प्रचार करने के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी।
पहली बार इस योजना में 40 युवाओं का चयन होगा
'टूरिज्म एंड हेरिटेज फेलोशिप प्रोग्राम' नाम के इस कार्यक्रम को दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के माध्यम से चलाया जाएगा। पहली बार इस योजना में 40 युवाओं का चयन किया जाएगा। ये युवा दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए काम करेंगे। इस योजना में चयनित युवाओं को दिल्ली को एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित-प्रचारित करने के लिए डिजिटल मीडिया में प्रचार करना होगा। उन्हें वीडियो बनाने, पर्यटन केंद्रों को संचालित करने और दिल्ली में पर्यटन को विकसित करने के लिए शोध जैसे अहम कार्य करने होंगे।