बीजिंग और लंदन ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने गोल्ड कोस्ट के कॉमनवेल्थ खेलों के लिए क्वालिफाई तो कर लिया है। लेकिन दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें: PWL लीग की नीलामी में सबसे मंहगे बिके सुशील कुमार, इन खिलाड़ियों के रहे ये दाम
दिल्ली सेंट्रल डीसीपी एमएस रंधावा ने बताया कि पहलवान सुशील कुमार और उनके समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सुशील कुमार के समर्थकों पर पहलवान प्रवीण राणा की पिटाई का आरोप है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 341 के तहत मामला दर्ज किया है।
Registered an FIR against wrestler Sushil Kumar and his supporters: DCP Central MS Randhawa on thrashing of wrestler Praveen Rana #Delhi
— ANI (@ANI) December 30, 2017
सुशील कुमार ने ट्रायल में प्रवीण राणा से जीत कर टीम में तो चयनित हो गए, लेकिन दोनों ही पहलवानों के समर्थक बाउट के बाद आपस में भिड़ गए। इसमें राणा के तीन समर्थक जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने बीच-बचाव किया।
सुशील कुमार ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा था कि, "जो कुछ भी हुआ ऐसा नहीं होना चाहिए। चाहे वो मेरे घर का क्यों नहीं हो, ये नहीं होना चाहिए।" हालांकि उन्होंने कहा कि, 'प्रवीण ने बाउट के दौरान न सिर्फ उन्हें काटा बल्कि उनका घुटना तोड़ने की कोशिश की। यह सब प्रवीण ने जानबूझकर किया है।'
74 किलोग्राम वर्ग में सुशील ने प्रवीण को 7-3 और जितेंदर को 4-3 से हराया। सुशील के साथ बाउट के दौरान राणा ने कुछ ऐसी हरकतें की जो सुशील के समर्थकों को नागवार गुजरीं। आरोप यह भी है कि राणा के भाई ने सुशील के ससुर सतपाल के साथ भी बहस की। इसके बाद ही सुशील के समर्थकों ने स्टेडियम के बाहर राणा और उनके भाई पर हमला कर दिया। राणा के समर्थकों ने इस दौरान पुलिस को भी बुलाया। पीड़ितों ने सुशील कुमार के समर्थकों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी थी।