आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासित नगर निगमों में भारी भ्रष्टाचार चल रहा है। केवल 17.70 लाख रूपये की कूड़ा निस्तारण मशीन का एक साल में किराया 2.20 करोड़ रूपये तक चुकाया जा रहा है। दिल्ली सरकार नगर निगमों में चल रहे भ्रष्टाचार की जांच करेगी। वहीं, भाजपा ने आरोप लगाया है कि डीटीसी बसों के मामले में अपना भ्रष्टाचार सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी बौखला गई है। पार्टी ने कूड़ा निस्तारण मशीनों के काम में किसी तरह के भ्रष्टाचार होने की बात से साफ इनकार किया है।
भारद्वाज ने बुधवार को कहा कि वे दिल्ली सरकार से नगर निगमों के खातों की स्पेशल ऑडिट करवाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कि नए कॉन्ट्रैक्ट के तहत ली जा रहीं एक कूड़ा निस्तारण मशीन का किराया 6.30 लाख रुपए से बढ़ाकर 18.36 लाख रुपए किया जा रहा है। उन्होंने पूछा कि 17.70 लाख रुपए की मशीन का सालाना किराया 2.20 करोड़ रुपए कैसे हो सकता है? इसकी जांच होनी चाहिए।
डीटीसी बसों की खरीद के घोटाले से नहीं बचेगी आप : कपूर
उधर, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा है कि आम आदमी पार्टी डीटीसी बस खरीद घोटाले के पकड़े जाने और जल बोर्ड घोटाले में लगातार लग रहे आरोपों से बौखला चुकी है। यही कारण है कि वह अपने भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए दूसरों पर आरोप लगाकर बचना चाहती है। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ट्रोमल मशीन के मामले में जो ठेका किया गया है, वह केवल मशीनों के लिए नहीं है, बल्कि यही कंपनी कूड़ा उठाने से लेकर उसके निस्तारण तक पूरा कामकाज करेगी। इसके लिए ट्रकों और उनके साथ काम करने वाले श्रमिकों का पूरा इंतजाम भी कंपनी के जरिए ही किया जाएगा। मशीन तीन शिफ्टों में दिनरात काम करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली को साफ-सुथरा रखने के लिए यह बेहद शानदार उपाय किया जा रहा है, जिसका आम आदमी पार्टी को भी स्वागत करना चाहिए।