दिल्ली सरकार में वरिष्ठ मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बल्लीमारान और नबी करीम इलाकों में सीवर-पानी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा और हर वर्ग को एक समान सुविधाएं प्राप्त होंगी।
दिल्ली सरकार में वरिष्ठ मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने पिछली केजरीवाल सरकार पर जनता के बीच धर्म के आधार पर भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार में लोगों को सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं में भी धार्मिक आधार पर भेदभाव किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि बल्लीमारान क्षेत्र में एक वर्ग विशेष के लोगों को दिल्ली सरकार की हर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती थीं, जबकि दूसरे बहुसंख्यक समुदाय के लोगों की बस्तियों में कोई विकास कार्य नहीं किया जाता था। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा और हर वर्ग को एक समान सुविधाएं प्राप्त होंगी।
विज्ञापन
प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने बल्लीमारान और नबी करीम इलाकों में सीवर-पानी की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद लोगों से मुलाकात की। लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद मंत्री ने कहा कि रामनगर, बगीची रघुनाथ और भड़भूजे वाली गली जैसे इलाकों में पूरी तरह जानबूझकर लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने से वंचित रखा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भेदभाव केवल धार्मिक आधार पर किया गया था। लेकिन अब सबको एक समान सुविधाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की सुविधाएं किसी वर्ग विशेष का विशेषाधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का अधिकार है। इन पर किसी एक का अधिकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि वोटबैंक की राजनीति के कारण कुछ इलाकों में बुनियादी सेवाओं जैसे पानी की पाइपलाइन और सीवरेज जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यह नागरिकों के साथ अन्याय है।
वर्मा ने कहा कि हर घर के पानी-सीवर के कनेक्शन की जांच की जाएगी। जिसका भी कनेक्शन वैध है, उसे पूरी उचित सप्लाई दी जाएगी। बारिश का मुख्य सीजन आने से पहले उन्होंने दिल्ली के हर इलाके में पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए।