कोरोना काल में यात्रा के लिए सबसे सुरक्षित साधन इन दिनों दिल्ली मेट्रो बना हुआ है। कोविड प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो और यात्री पूरी तरह से एहतियात बरत रहे हैं। सुरक्षित और सस्ती यात्रा के लिए लोग मेट्रो का प्रयोग कर रहे हैं। अगर यात्री स्मार्ट तरीके से मेट्रो की सवारी करते हैं तो हर 10 यात्रा के बाद एक यात्रा बिल्कुल फ्री कर सकते हैं।
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने
अमर उजाला को बताया कि मेट्रो में यात्रा के दौरान स्मार्ट कार्ड का प्रयोग करने पर हर यात्रा पर 10 प्रतिशत की छूट मिलती है। इस तरह हर बार 10 फीसदी की छूट लेने से यात्रियों को 11वीं यात्रा पूरी तरह से फ्री पड़ती है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि अगर कोई यात्री एक तय मेट्रो स्टेशन से रोज सुबह अपने काम पर जाने के लिए रोजाना 50 रूपये खर्च करता है तो स्मार्ट कार्ड पर 10 प्रतिशत के हिसाब से उसे 5 रूपये की छूट मिलती है। 10 यात्रा पर छूट की रकम 50 रूपये हो जाती है। इस तरह से वो यात्री अपनी 11वीं यात्रा पूरी तरह से फ्री में करता है। स्मार्ट कार्ड से 10 प्रतिशत यात्रा की छूट दिल्ली और यूपी सहित कई मेट्रो सर्विस मुहैया करवाती है।
उनके मुताबिक सोमवार से शनिवार में जो यात्री नॉन पीक आवर्स में सफर करते हैं, उनको भी अतिरिक्त 10 प्रतिशत की छूट दी जाती है। इसके अलावा आजकल मेट्रो कार्ड रिचार्ज करने पर कई कंपनियां कैश बैक की सुविधा भी दे रही हैं।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों के लिए डीएमआरसी इन दिनों स्मार्ट कार्ड के जरिए ही सफर करने पर जोर दे रही है। फिलहाल टोकन सिस्टम बंद कर दिया गया है। टोकन सिस्टम बंद होने की वजह से लोगों को लाइन में भी नहीं लगना पड़ता है और उनके समय की भी बचत होती है।