शुंगलू कमेटी को लेकर दिल्ली सरकार के रुख पर एलजी का बयान आने के बाद आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार समेत उपराज्यपाल पर हमला बोला है। आप का कहना है कि एलजी असंवैधानिक तरीके से दिल्ली सरकार को डराने की कोशिश कर रहे हैं। वह अपने नए राजनीतिक गुरु बीजेपी के प्रवक्ता बनकर बोल रहे हैं। शनिवार को आप के प्रवक्ता आशुतोष ने प्रेस कांफ्रेंस करके एलजी पर निशाना साधते हुए उनसे पांच सवाल भी पूछे।
आशुतोष ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल अपने आपको वायसराय समझते हैं। अब तो वह असंवैधानिक कार्य करने लगे हैं, जिसके तहत उन्होंने शुंगलू कमेटी का गठन भी कर दिया। एलजी महोदय दिल्ली की चुनी हुई सरकार से इस कदर डरने लगे हैं कि अब वह जनप्रतिनिधियों को डराने के लिए पुलिस से लेकर सीबीआई तक से डराने लगे हैं। आशुतोष ने कहा कि जब दिल्ली सरकार ने कमेटी गठन को लेकर कानूनी जानकारी देते हुए भंग करने को कहा तो वह सरकार को ही धमकी देने लगे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि एलजी के यहां फाइलें बाहरी लोगों को दिखाई जा रही हैं। एलजी ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि उन पर सीएनजी फिटनेस घोटाले में शामिल होने का आरोप है। वह डर रहे हैं कि बीजेपी की बात नहीं मानी तो जांच खुल जाएगी। आशुतोष ने आरोप लगाया कि एलजी के निशाने पर अब मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन हैं। जिनकी वह गिरफ्तारी भी करवा सकते हैं। आप ने एलजी से पांच सवाल भी पूछे। जिसमें शुंगलू कमेटी का गठन किस कानून के तहत किया गया। दूसरा किसके कहने पर कमेटी का गठन किया, तीसरा दिल्ली सरकार की फाइलों को बाहरी लोगों को क्यों दिखा रहे हैं, चौथा कमेटी के सदस्य सिर्फ मौखिक आधार पर दिल्ली सरकार के अधिकारियों को क्यों बुला रहे है और पांचवां एलजी कार्यालय से अधिकारियों को धमकी भरे फोन जा रहे हैं, क्या वह स्वीकार करेंगे की ऐसा नहीं हो रहा है।