दिल्ली में धमाके के बाद महाराष्ट्र में अलर्ट
महाराष्ट्र गृह विभाग के सूत्र ने बताया कि हरियाणा के फरीदाबाद से 360 किलोग्राम संभावित अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी के बाद, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज दोपहर वर्षा में सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। अब, दिल्ली की घटना के बाद, उन्होंने एक बार फिर पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश में भी हाई अलर्ट घोषित
दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट के बाद उत्तर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के एडीजी (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि डीजीपी ने उत्तर प्रदेश के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को संवेदनशील धार्मिक स्थलों, संवेदनशील जिलों और सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। सभी सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। लखनऊ से संवेदनशील इलाकों में गश्त और जांच बढ़ाने का आदेश जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें -
Delhi Blast: लालकिले के पास धमाके में नौ की मौत, मुंबई-दिल्ली से UP तक अलर्ट; तस्वीरों में देखें मौत का मंजर
गुजरात से तीन आतंकियों की गिरफ्तारी
इससे पहले सुरक्षा एजेंसियों की तत्परता और सूझबूझ से आतंकी साजिश पर बड़ा खुलासा हुआ था। बीते दिन गुजरात में आतंकी साजिश रचने के आरोप में तीन संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया गया था। एटीएस ने हथियार सप्लाई करते समय तीनों संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों की पहचान डॉ. अहमद मोहिउद्दीन सैयद, मोहम्मद सुहेल पुत्र और आजाद के रूप में हुई थी। पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'गुजरात एटीएस ने अहमदाबाद से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
फरीदाबाद से 2910 किलो विस्फोटक बरामद
दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2910 किलो विस्फोटक बरामद किया गया था। बता दें कि जम्मू-कश्मीर और फरीदाबाद पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में इस साजिश का पर्दाफाश किया गया और विस्फोटक के साथ-साछ अन्य हथियार बरामद किए गए। जानकारी के मुताबिक, आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अंसर गजवत-उल-हिंद मिलकर देश को दहलाने की साजिश कर रहे थे। फरीदाबाद के धौज स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे डॉ. मुज्जमिल अहमद गनेई उर्फ मुसैब ने किराये पर दो जगह कमरा व मकान लेकर ये विस्फोटक छुपाया था। मुसैब को जम्मू एंड कश्मीर पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने 30 अक्तूबर को अल फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार किया था। वहीं 9 नवंबर को अल-फलाह यूनिवर्सिटी से महज 500 मीटर दूर बने मकान के एक कमरे से 360 किलो अमोनियम नाइट्रेट व अन्य विस्फोटक सामान और हथियार जब्त किए गए थे।