भाजपा ने की आलोचना
भाजपा ने दिल्ली सरकार के बजट की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने इसे हर स्तर पर फेल बजट बताया है। दिल्ली भाजपा की प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने अमर उजाला से कहा कि दिल्ली सरकार की मोहल्ला क्लीनिक योजना बुरी तरह असफल साबित हुई है। सरकार ने इसके बाद भी महिला मोहल्ला क्लीनिक की बात कर अपनी असफलता को आगे बढ़ाने का ही निर्णय किया है।
उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली सरकार का यह दावा है कि वह एक देशभक्ति का बजट पेश कर रही है तो उसे सभी नागरिकों को एक समान रूप से देखना चाहिए। अगर वह इमामों को वेतन दे सकती है तो उसे बताना चाहिए कि पुजारियों को इसी तर्ज पर वेतन क्यों नहीं दिया जाना चाहिए।
दिल्ली के लोगों को साफ जल उपलब्ध कराना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। लेकिन सरकार ने माना है कि वह केवल 93 फीसदी आबादी तक स्वच्छ जल पहुंचा पा रही है। यानी सात फीसदी लोग तक आज भी साफ पानी की बाट जोह रहे हैं। हालांकि सच्चाई यह है कि दिल्ली की भारी आबादी आरओ सिस्टम से पानी पीने को मजबूर है क्योंकि सरकार उसे साफ जल उपलब्ध नहीं करवा पा रही है। बाकी लोग गंदा पानी पीकर हैजा-मलेरिया जैसी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह सरकार की बनती है।