फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

BJP: दिल्ली भाजपा के कार्यालय के उद्घाटन पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का सैलाब, नेताओं ने जनसेवा का किया आह्वान

Mon, 29 Sep 2025 09:39 PM IST
राहुल कुमार डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पार्टी कार्यालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया और उन्होंने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा में जुटने का संकल्प भी याद दिलाया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और पार्षद उपस्थित थे। 
विज्ञापन
दिल्ली भाजपा कार्यालय - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली भाजपा को नवरात्रि में सप्तमी के शुभ दिन पर अपना नया ठिकाना मिल गया। पार्टी का नया कार्यालय राजधानी के उसी दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित है जिस पर पार्टी का राष्ट्रीय कार्यालय पहले से बना हुआ है। पार्टी कार्यालय का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया और उन्होंने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा में जुटने का संकल्प भी याद दिलाया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और पार्षद उपस्थित थे। 

विज्ञापन


पीएम ने दिलाया बेहतर राजधानी बनाने का संकल्प
दिल्ली भाजपा के नए कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा करने का संकल्प याद दिलाया। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा में खरा उतरना ही उनकी सबसे बड़ी सेवा होगी। पीएम ने कहा कि दिल्ली में देश के हर कोने के पर्व और त्योहार पूरे जोश के साथ मनाए जाने चाहिए जिससे हर कार्यकर्ता को यहां अपनापन महसूस हो। उन्होंने कहा कि केवल इसी तरह चलने से एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को जमीन पर उतारा जा सकता है। 

पीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि उन्होंने जनता की भावनाओं पर खरा उतरकर ही सेवा करने का अवसर प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को आधुनिक और सबसे बेहतर राजधानी बनाने की कोशिश करनी चाहिए जिससे इसे देखकर हर देशवासी को गर्व हो।  
विज्ञापन


यहां से चलती थी पार्टी
भाजपा दिल्ली में लंबे समय से एक प्रमुख राजनीतिक दल रही है। उसके कई नेता दिल्ली के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं, लेकिन इतना होने के बाद भी पार्टी का दिल्ली में अब तक अपना ठिकाना नहीं था। 1975 से पूर्व तक भाजपा (पुराना नाम जनसंघ) का कार्यालय पुरानी दिल्ली के नया बाजार से एक किराये के भवन से चलता था। 

पार्टी के नेता के अनुसार 1975 के प्रारम्भ में जनसंघ कार्यालय मास्टर योगेन्द्र की देखरेख में भीड़भाड़ वाले नया बाजार कार्यालय से अजमेरी गेट चौक स्थित एक किराये के भवन में स्थानांतरित कर दिया गया। यहां भवन की दूसरी मंजिल से पार्टी का कामकाज चलता था। यह कार्यालय भी आपातकाल के दौरान सील बंद कर दिया गया था। जब 1977 में में जनता पार्टी सरकार आई तब राजनीतिक दलों के कार्यालय खुले और इसमें भाजपा (जनसंघ) का कार्यालय भी शामिल था।  

भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा
बदले राजनीतिक हालात में जनसंघ ने अपना नया नाम भाजपा रखा और इस पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई। भाजपा की दिल्ली इकाई की कमान प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा के हाथों में आई। उन्हें पार्टी का पहला प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसी दौरान तत्कालीन कांग्रेस (ओ) के अधिकांश नेता सिकंदर बख्त के साथ भाजपा में शामिल हो गये। 

एक राजनीतिक विचारधारा के तौर पर भाजपा के लिए यह बड़ी जीत थी। इसके साथ अजमेरी गेट चौक पर ही स्थित कांग्रेस (ओ) का कार्यालय दिल्ली भाजपा का प्रदेश कार्यालय बन गया और 1989 तक भाजपा की दिल्ली इकाई यहीं से चलती रही। हालांकि, 1989 लोकसभा चुनाव से कुछ समय पहले पार्टी ने अपना कार्यालय 20 रकाबगंज रोड पर लाया और यहीं से राजनीतिक गतिविधियों को अंजाम दिया। 

मदन लाल खुराना को आवंटित हुआ था बंगला
भाजपा नेताओं के अनुसार, 1989 के लोकसभा चुनाव में मदनलाल खुराना सदर बाजार से सांसद चुन लिए गए। 1990 में उनको 14, पंत मार्ग बंगला आवंटित हुआ था। चूंकि, मदनलाल खुराना अपने कीर्ति नगर के निजी आवास पर ही रहते थे, उन्होंने 14, पंत मार्ग का कार्यालय पार्टी के कार्यों के लिए उपयोग करने का सुझाव दिया जिसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मान लिया। इसके बाद से लगभग 35 वर्ष तक यही बंगला दिल्ली भाजपा का कार्यालय बना रहा। नए दिल्ली भाजपा कार्यालय की भूमि पूजा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 2023 में किया और लगभग दो साल के अंतराल में यह भवन बनकर तैयार हुआ। आज दिल्ली भाजपा के पास सभी 14 संगठनात्मक जिलों में भी अपने निजी कार्यालय हैं।

कार्यकर्ताओं को जनता का सेवक बनने की मिलती है सीख- राजकुमार भाटिया, विधायक 
आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक आदर्श कुमार भाटिया ने अमर उजाला से कहा कि पार्टी का प्रदेश कार्यालय एक सामान्य कार्यकर्ता को जनसेवक बनने का प्रशिक्षण स्थल कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेता यहां कार्यकर्ताओं को यह बताते हैं कि किस तरह जनता की सेवा को प्रथम रखकर समाज और राष्ट्र को प्रथम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं अपने छात्र जीवन से ही भाजपा से जुड़े रहे और बेहद सामान्य परिवार से होने के बाद भी पिछले चुनाव में पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और विधायक बनाया। 

राष्ट्र निर्माण की बढ़ी जिम्मेदारी- डॉ. राजकुमार फलवारिया  
दिल्ली विश्वविद्यालय में राजनीतिक विज्ञान के प्रो. डॉ. राजकुमार फलवारिया ने अमर उजाला से कहा कि भाजपा अपने गठन के पहले दिन से ही राष्ट्र सेवा को अपना सबसे पहला कर्तव्य मानकर चलती रही है। उसके कार्यकर्ताओं में भी यही भावना सबसे पहले पाई जाती है। यही कारण है कि भाजपा की सरकारें किसी भी निर्णय में सबसे पहले राष्ट्र हित का ध्यान रखती हैं। 

उन्होंने कहा कि भाजपा समाज के हर वर्गों को एक साथ जोड़कर चल रही है और समाज के हर तबके को संगठन से लेकर सरकार तक में भागीदारी दे रही है। यही कारण है कि भाजपा का प्रभाव लगातार हर वर्ग में बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह पूरी दुनिया में राष्ट्र हित के सामने चुनौती बढ़ रही है, भाजपा की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उसके कार्यकर्ताओं पर यह जिम्मेदारी है कि वे दुनिया के समझ खड़ी इस चुनौती को पूरा करने में देश का साथ दें।  

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें