Arvind Kejriwal and Manoj Tiwari
- फोटो : ANI
दिल्ली विधानसभा चुनाव में नेताओं ने अपनी पारी खेल ली है। अब जीत के लिए उन्हें भगवान के आशीर्वाद का भरोसा है। मतदान से ठीक एक दिन पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हनुमानजी के दर्शन किये और उनसे जीत का आशीर्वाद मांगा। वहीं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कालकाजी देवी के दर्शन कर उनसे जीत का आशीर्वाद लिया। इसके पहले तिवारी ने चुनाव प्रचार के सघन कार्यक्रम से फ्री होकर बच्चों के साथ क्रिकेट खेला और कुछ आराम के क्षण बिताया।
चुनाव प्रचार से फ्री हुए मनोज तिवारी ने कहा कि पिछले 6 महीने उनके लिए बेहद कड़े दिन गुजरे हैं। रोजाना सुबह उठना और देर रात तक लगातार लोगों से मिलने-जुलने का कार्यक्रम चलता रहा। लेकिन अभी भी उनकी चुनौती खत्म नहीं हुई है। शनिवार को सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने की बड़ी चुनौती अभी भी बरकरार है। वे अपने कार्यकर्ताओं से मिलकर इस कोशिश को अंजाम तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे और चुनाव में सफलता दर्ज करेंगे।
बता दें इससे पहले भी हनुमान जी दिल्ली विधानसभा चुनाव के केंद्र में रहे हैं। चुनाव के आखिरी दौर में केजरीवाल एक समाचार चैनल के मंच पर थे। एंकर ने केजरीवाल ने पूछा कि क्या आपको हनुमान चालीसा आती है। इसपर केजरीवाल ने मंच पर ही हनुमान चालीसा सुनाना शुरू कर दिया था।
भाजपा नेताओं ने केजरीवाल पर बोला हमला
दिल्ली के मॉडल टाउन से भाजपा उम्मीदवार कपिल मिश्रा ने केजरीवाल के हनुमान चालीसा पढ़ने पर तंज कसा तो मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह ने चौहान ने भी केजरीवाल को घेरा। शिवराज ने बिना नाम लिए केजरीवाल पर चुटकी लेते हुए कहा कि हनुमान से आज के 'लंकेश्वर' भी डरते हैं। कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर केजरीवाल पर हमला बोला। उन्होंने कहा- केजरीवाल हनुमान चालीसा पढ़ने लगे हैं, अभी तो ओवैसी भी हनुमान चालीसा पढ़ेगा। ये हमारी एकता की ताकत है। हमें ऐसे ही इकट्ठा रहना है। एक होकर वोट करना। हम सबकी एकता से 20 फीसदी वाली वोट बैंक की गंदी राजनीति की कब्र खुदकर रहेगी।