दिल्ली एयरपोर्ट से आज सैकड़ों उड़ानें रद्द
- फोटो : ANI
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के कारण रविवार को हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कम विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 105 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं, जबकि 450 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रविवार को 55 आने वाली और 52 जाने वाली उड़ानें रद्द की गईं। वहीं फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के मुताबिक, देरी से चल रही उड़ानों में औसतन 36 मिनट की देरी देखी गई।
अधिकारियों ने बताया कि घने कोहरे के कारण पायलटों को रनवे साफ दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे फ्लाइट संचालन में दिक्कतें आईं। इसका असर यात्रियों पर भी पड़ा और कई लोगों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि, दिल्ली एयरपोर्ट का संचालन करने वाली कंपनी DIAL ने रविवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से चल रहा है।