सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई की गणना आठ प्रदूषकों के आधार पर की जाती है। इनमें पीएम2.5, पीएम10, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), सल्फर डाइऑक्साइड (SO2), कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), ओजोन (O3), अमोनिया (NH3) और लेड (Pb) शामिल हैं। भारत में एक्यूआई की गणना के लिए हवा में मौजूद प्रदूषकों को आधार बनाया जाता है। ये प्रदूषक अलग-अलग स्रोतों से निकलते हैं और हमारे स्वास्थ्य को अलग-अलग तरह से प्रभावित करते हैं।
कितना एक्यूआई शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं माना जाता?
सीपीसीबी के मानकों के मुताबिक, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा माना जाता है। इस स्तर पर स्वास्थ्य पर न्यूनतम प्रभाव पड़ने की संभावना होती है और आमतौर पर लोगों को सामान्य गतिविधियां करने में परेशानी नहीं होती। हालांकि डब्ल्यूएचओ जैसे संस्थानों का कहना है कि वायु प्रदूषण का कोई ऐसा स्तर नहीं है, जिसे सभी परिस्थितियों में पूरी तरह जोखिममुक्त माना जा सके। इसलिए जितनी स्वच्छ हवा होगी, स्वास्थ्य के लिए उतना ही बेहतर होगा।
भारत और डब्ल्यूएचओ के प्रदूषण मानकों में कितना अंतर है?
भारत में वायु प्रदूषण को मापने के लिए राष्ट्रीय परिवेशी वायु गुणवत्ता मानक (एनएएक्यूएस) निर्धारित हैं। वहीं, इसको लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कहीं अधिक सख्त दिशानिर्देश तय किए हैं।
पीएम2.5 के मामले में दोनों के मानकों में बड़ा अंतर है।
- भारत का मानक: पीएम2.5 की वार्षिक औसत सीमा 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और 24 घंटे की औसत सीमा 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है।
- डब्ल्यूएचओ का मानक: पीएम2.5 की वार्षिक औसत सीमा 5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और 24 घंटे की औसत सीमा 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है।
वायु प्रदूषण शरीर के किन-किन अंगों को पहुंचाता है नुकसान?
वायु प्रदूषण को अक्सर फेफड़ों से जुड़ी समस्या माना जाता है, लेकिन इसका असर केवल श्वसन तंत्र तक सीमित नहीं रहता। प्रदूषित हवा में मौजूद पीएम2.5 जैसे सूक्ष्म कण फेफड़ों के रास्ते रक्तप्रवाह में पहुंचकर शरीर के दूसरे हिस्सों को भी प्रभावित कर सकते हैं। इसके अलावा, ओजोन, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड और सल्फर डाइऑक्साइड जैसी गैसें भी स्वास्थ्य को अलग-अलग नुकसान पहुंचाती हैं।
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की वजह क्या है?
दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे केवल एक कारण नहीं है। इसमें- पराली का धुआं, वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक उत्सर्जन, निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल और मौसम की परिस्थितियां मिलकर हवा को जहरीला बनाती हैं। इसके अलावा, सर्दियों में मौसम की परिस्थितियां भी प्रदूषण को गंभीर बना देती हैं। इसमें- कम तापमान, कमजोर हवाएं और वायुमंडल में हवा के कम फैलाव के कारण प्रदूषक जमीन के नजदीक जमा होने लगते हैं। जब हवा की गति कम होती है तो प्रदूषक आसानी से एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा पाते। बारिश और तेज हवाओं की अनुपस्थिति में स्थिति और बिगड़ने लग जाती है।
हमारे दैनिक जीवन पर एक्यूआई का क्या असर होता है?
वायु प्रदूषण का असर सिर्फ उन लोगों पर नहीं पड़ता, जो पहले से किसी बीमारी से पीड़ित हैं। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में सांस लेने से स्वस्थ व्यक्ति भी कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर सकता है। एक्यूआई बढ़ने के साथ इसका असर हमारे दैनिक जीवन पर भी साफ दिखाई देने लगता है, जिसमें सांस लेने में परेशानी, आंखों और त्वचा पर असर तथा दिल और फेफड़ों पर बुरा प्रभाव शामिल है।
इसके अलावा, इसका सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशु की सेहत पर पड़ता है। जहरीली हवा के कारण लोगों की नींद और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता पर भी गहरा असर पड़ता है। इसलिए वायु प्रदूषण को सिर्फ सांस संबंधी समस्या समझना सही नहीं है। यह शरीर के कई अंगों और पूरे स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है।
वायु प्रदूषण बढ़ने पर खुद को कैसे रखें सुरक्षित?
प्रदूषण बढ़ने की स्थिति में कुछ जरूरी सावधानियां बरतकर आप खुद को और अपने परिवार को जहरीली हवा के बुरे प्रभावों से काफी हद तक सुरक्षित कर सकते हैं।
- मास्क का इस्तेमाल करें: बहुत खराब प्रदूषण की स्थिति में अच्छी तरह फिट होने वाले मास्क का इस्तेमाल करें।
- धुएं से बचें: घर के अंदर सिगरेट, धूप, लकड़ी या कोयले के धुएं से बचें। खाना पकाते समय उचित वेंटिलेशन रखें।
- एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल: जरूरत और बजट के मुताबिक अच्छे फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें: एक्यूआई खराब होने पर उन्हें लंबे समय तक बाहर रहने और खुले में खेलने से बचाएं।
- लक्षण दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करें: लगातार खांसी, सांस फूलना, सीने में दर्द या सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
- खिड़की-दरवाजे बंद रखें: जब बाहर प्रदूषण बहुत ज्यादा हो तो बाहरी हवा का प्रवेश सीमित रखें। हालांकि हवा की गुणवत्ता बेहतर होने पर घर में ताजी हवा आने दें।
- खराब हवा में बाहर व्यायाम न करें: जब प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो तो दौड़ना, साइकिल चलाना और खुले में कठिन व्यायाम करने से बचें। जरूरत पड़ने पर व्यायाम घर के अंदर करें।