भारत का त्रि-सेवा अभ्यास ‘त्रिशूल’ के दौरान थार रेगिस्तान से सौराष्ट्र तट तक सेना, नौसेना और वायु सेना की ताकत और समन्वय की जांच हो रही है। इसमें ड्रोन, साइबर, खुफिया और हवाई रक्षा जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है। यह अभ्यास भारत की सुरक्षा और तैयारियों को मजबूत करने का प्रतीक है।
भारत की तीनों सेनाओं का त्रि-सेवा महा-अभ्यास ‘त्रिशूल’ शुरू हो गया है, जहां थार के रेगिस्तान से लेकर सौराष्ट्र तट तक जमीन, समुद्र और हवा में शक्ति और समन्वय का परीक्षण किया जा रहा है। इस बात की जानकारी शनिवार को रक्षा मंत्रालय ने दी। मंत्रालय ने बताया कि तीनों सेनाओं के संयुक्त त्रिशूल युद्धाभ्यास का अंतिम चरण 13 नवंबर को गुजरात के सौराष्ट्र तट पर आयोजित होगा। इसके साथ ही 30 अक्तूबर से जारी इस युद्धाभ्यास का समापन हो जाएगा। आखिरी चरण में तीनों सेनाएं एक संयुक्त एम्फीबियस अभ्यास का प्रदर्शन करेंगी।
कच्छ में कैसी है तैयारी? ये भी समझिए
अब बात अगर कच्छ की करें तो कच्छ क्षेत्र में, सेना, नौसेना, वायु सेना, तटरक्षक और सीमा सुरक्षा बल मिलकर नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय करते हुए संपूर्ण संयुक्त संचालन का अभ्यास कर रहे हैं। यह दिखाता है कि भारतीय सशस्त्र बल आपदा या युद्ध की स्थिति में नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर तेजी से काम कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें:- Mohan Bhagwat: 'भारत में कोई भी अहिंदू नहीं, सभी एक ही पूर्वज के वंशज', आरएसएस प्रमुख का बयान
अभ्यास का अंतिम चरण सौराष्ट्र में
गौरतलब है कि इस महा-अभ्यास का अंतिम चरण सौराष्ट्र तट पर होगा, जिसमें सैन्य-जल आधारित संयुक्त अभियान का आयोजन किया जाएगा। इसमें समुद्र तट पर उतराई (बीच लैंडिंग) के अभ्यास शामिल हैं। यह चरण भूमि, समुद्र और हवा में पूर्ण एकीकरण और बहु-क्षेत्रीय सामरिक क्षमताओं का परीक्षण करेगा। इसके अलावा अंत में रक्षा मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि अभ्यास ‘त्रिशूल’ भारतीय सेना के ‘दशक परिवर्तन’ योजना के तहत भी एक परीक्षण मंच का काम करता है। भारतीय सेना लगातार विकसित होकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने और पूर्ण युद्ध क्षमता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।