रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बड़ा एलान करते हुए भारतीय सेना के लिए 4000 करोड़ रुपये के एक प्रस्ताव को अनुमति दे दी। यह प्रस्ताव चीन और पाकिस्तान के साथ सीमा पर गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एक समर्पित सैटेलाइट के लिए है। इससे सेना की क्षमताओं में उल्लेखनीय इजाफा होगा।
विज्ञापन
समाचार एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट के अनुसार सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को हुई रक्षा अधिग्रहण परिषद की बैठक में भारतीय सेना के लिए समर्पित एक मेड इन इंडिया सैटेलाइट के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। यह सैटेलाइट सीमाई इलाकों में सेना की निगरानी क्षमता को और मजबूत करेगी।
सूत्रों ने बताया कि सैटेलाइट जीसैट 7बी (GSAT 7B) के लिए परियोजना पर काम भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ भागीदारी में होगा। बता दें कि भारतीय वायु सेना और नौसेना के पास पहले ही समर्पित सैटेलाइट हैं और इस अनुमति के बाद जल्द ही सेना के पास भी यह खूबी होगी।