आयोजन की जानकारी रखने वालों ने बताया कि पाकिस्तान को छोड़कर चीन, रूस समेत अन्य एससीओ सदस्यों ने बैठक में उनके रक्षा मंत्रियों के शामिल होने की पुष्टि कर दी है।
चीन के रक्षा मंत्री ली शांगफू और रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु भारत में अगले हफ्ते होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। भारत की अध्यक्षता में 27 और 28 अप्रैल को एससीओ रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। हालांकि अभी तक पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बैठक में हिस्सा लेने की पुष्टि नहीं हुई है। ख्वाजा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा ले सकते हैं।
विज्ञापन
आयोजन की जानकारी रखने वालों ने बताया कि पाकिस्तान को छोड़कर चीन, रूस समेत अन्य एससीओ सदस्यों ने बैठक में उनके रक्षा मंत्रियों के शामिल होने की पुष्टि कर दी है। हालांकि एससीओ सदस्यों ने अब तक आधिकारिक एलान नहीं किया है। अगर ली भारत आते हैं तो तीन साल पहले लद्दाख में सीमा पर तनाव के बाद पहली बार चीनी रक्षा मंत्री देश में होंगे।
रक्षा मंत्रियों की बैठक के बाद चार और पांच मई को गोवा में एससीओ सदस्यों के विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। बता दें, भारत इस साल जी-20 के साथ एससीओ की भी अध्यक्षता कर रहा है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो समेत एससीओ के सभी सदस्य देशों के विदेश मंत्री बैठक में शामिल होने वाले हैं। पाकिस्तान पहले ही एससीओ के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए बिलावल भुट्टो की भारत यात्रा की पुष्टि कर चुका है।
विज्ञापन
बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की उम्मीद
एससीओ रक्षा मंत्रिस्तरीय बैठक में आतंकवाद के खतरे और अफगानिस्तान की स्थिति सहित क्षेत्रीय सुरक्षा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। एससीओ के सदस्य देशों में भारत, रूस, चीन, किर्गिस्तान, कजाखिस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान और पाकिस्तान शामिल हैं।