गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे को बंद करने को लेकर कई खबरें सामने आईं थी। वहीं मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने शुक्रवार को कहा कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया है कि गोवा में डाबोलिम हवाईअड्डा नागरिक विमानों के लिए खुला रहेगा। दक्षिण गोवा जिले में स्थित हवाई अड्डा, नौसेना बेस आईएनएस हंसा का हिस्सा है।
डाबोलिम हवाई अड्डे को लेकर मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कैबिनेट सहयोगियों रोहन खौंटे और मौविन गोडिन्हो और भाजपा के राज्यसभा सदस्य सदानंद तनावडे के साथ के साथ शुक्रवार को रक्षा मंत्री सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री सावंत ने कहा कि उन्होंने राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की जिन्होंने आश्वासन दिया कि डाबोलिम हवाईअड्डा नागरिक उड़ानों के लिए खुला रहेगा। साथ ही सीएम सावंत ने कहा कि डाबोलिम हवाई अड्डे के 200 मीटर के दायरे में निर्माण गतिविधियों पर प्रतिबंध स्थानीय लोगों के लिए समस्याएँ पैदा करता है। इस पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमें आश्वासन दिया है कि वह एक और बैठक करेंगे और बफर जोन को 200 मीटर से घटाकर 50 मीटर करने की हमारी मांग पर विचार करेंगे।
सीएम सावंत ने कहा कि उन्होंने सीतारमण के साथ जीएसटी से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। राज्य सरकार ने अक्तूबर में होने वाले राष्ट्रीय खेल 2023 की मेजबानी के लिए वित्त मंत्रालय से भी समर्थन मांगा। उन्होंने कहा, वित्त मंत्री ने राज्य को पूरे दिल से समर्थन का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हमेशा गोवा के प्रति सहयोगी रही है। उसने 'गोवा एट 60' पहल का जश्न मनाने के लिए राज्य को धन जारी किया था। राज्य में विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को केंद्र द्वारा वित्त पोषित किया जाता है। वहीं, खेल मंत्री ठाकुर ने भी राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी के लिए राज्य को पूरा समर्थन देने का वादा किया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया के साथ बैठक में गोवा प्रतिनिधिमंडल ने डाबोलिम हवाई अड्डे पर बुनियादी ढांचे के उन्नयन और उत्तरी गोवा में स्थित नवनिर्मित मनोहर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए अधिक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय कनेक्टिविटी पर चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से खुले आसमान की नीति के तहत गोवा को बढ़ावा देने और राज्य के लिए अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने का अनुरोध किया।