भारतीय जिम्नास्टिक की नई सनसनी दीपा कर्माकर के रियो ओलंपिक में मामूली अंतर से पदक चूकने का मलाल पूरे देश को हो रहा है। लोग दीपा के प्रदर्शन की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं लेकिन जिम्नास्ट के पिता को लगता है कि अगर प्रतियोगिता के दौरान उसके साथ एक मैनेजर भी होता तो परिणाम और बेहतर हो सकते थे।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार बेटी के प्रदर्शन से संतोष जताते हुए उनके पिता दुलाल कर्माकर ने कहा कि दीपा के प्रदर्शन के बाद अगर उसके साथ एक मैनेजर होता तो मुश्किल समय में उसे मदद मिल सकती थी।
दीपा के पिता ने यह बयान उसके कोच बिश्वेश्वर नंदी के इस आरोप के बाद दिया कि मैनेजर न होने की वजह से वह इस निर्णय के खिलाफ अपील भी नहीं कर सके जिसमें दीपा बहुत कम अंतर से पदक से वंचित रह गई।