देश के दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में बाढ़ का कहर लगातार जारी है। मरने वालों की संख्या 148 के पार चली गई है। केरल और कर्नाटक में शनिवार को भी बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही तथा भारी वर्षा, बाढ़ और भूस्खलन से 83 लोगों की मौत हो गई जबकि महाराष्ट्र में मरने वाले की संख्या 34 हो गई है और चार लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया । गुजरात में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 19 लोगों की जान चली गई वहीं तमिलनाडु में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है।
केरल
केरल में मूसलाधार बारिश का कहर अब भी जारी है और बाढ़, भूस्खलन तथा बारिश संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 60 हो गई है। 2.27 लाख से अधिक लोगों ने राहत शिविरों में पनाह ली है। मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए रविवार सुबह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। विजयन ने पत्रकारों को बताया कि बारिश संबंधी घटनाओं में आठ अगस्त से अब तक 60 लोगों की मौत हो गई और 1,551 राहत शिविरों में करीब 2.27 लाख लोगों ने पनाह ली है।
उन्होंने कहा कि राज्य में बारिश थमी है लेकिन लोगों को सतर्क रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ऊंचे इलाकों में आज बारिश से राहत रही। लेकिन हमें सतर्क रहने की जरूरत है। भूस्खलन से बचना आसान नहीं होगा।
इस बीच, मूसलाधार बारिश के कारण रनवे पर पानी भर जाने के चलते पिछले दो दिन से बंद कोच्चि स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज दोपहर से विमानों का परिचालन फिर शुरू कर दिया गया। ‘कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड’ (सीआईएएल) के एक अधिकारी ने बताया कि अबू धाबी-कोच्चि इंडिगो विमान दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर यहां पहुंचा।
कर्नाटक
कर्नाटक में बारिश से संबंधित घटनाओं में चार और लोगों की जान चली गई है। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 31 पर पहुंच गई है और राज्य में बाढ़ की स्थिति रविवार को भी गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बेलगावी जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा उनके साथ रहेंगे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया गया कि गत रात चार और लोगों के मरने के साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है जबकि 14 लोग लापता हैं। इसमें बताया गया है कि 3.14 लाख लोगों को दूसरे स्थानों में ले जाया गया है और उनमें से 2.18 लाख लोग 924 राहत शिविरों में रह रहे हैं।
येदियुरप्पा ने यहां पत्रकारों से कहा, मैं बेलगाम (बेलगावी) जा रहा हूं। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह वहां आ रहे हैं। हम एक साथ बेलगाम, बागलकोट और अन्य इलाकों में हवाई सर्वेक्षण करेंगे। जब वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे उसके बाद मैं लौट आऊंगा।
महाराष्ट्र
महाराष्ट्र में बाढ़ से मरने वाले की संख्या 34 हो गई है।कांग्रेस ने रविवार को महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर आई बाढ़ को ‘एल-3’ श्रेणी की आपदा घोषित करने और स्थिति से निपटने में केंद्रीय सहायता की मांग की। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के दिशा निर्देश के अनुसार ‘एल-3’ बड़े स्तर की आपदा का सूचक है। पिछले एक हफ्ते से पश्चिमी महाराष्ट्र में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है और करीब चार लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा है।
गुजरात
गुजरात में जानलेवा बारिश से 19 लोगों की मौत हो गई है। वहीं शनिवार को कांडला बाईपास के पास एक कंपाउंड की दीवार गिरने से आठ की मौत हो गई थी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में सौराष्ट्र और कच्छ समेत और भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना प्रकट की है।
तमिलनाडु
तमिलनाडु में भी बारिश का कहर जारी है । यहां मरने वाले की संख्या 5 हो गई है।सरकार के अनुसार लोगों को सुरक्षित स्थानो पर पहुंचाया जा रहा है।