अगर आप भी पैकेट से निकली चीजों को बिना देखे खाते हैं तो सावधान हो जाइए। याद होगा कुछ दिनों पर ऑनलाइन ऑर्डर की गई आइसक्रीम में मानव उंगली निकली थी। इस खबर ने लोगों को आश्चर्यचकित किया था। पैकेट में बिक रहे स्नैक्स आदि में असल चीज के बजाय अन्य कुछ निकलने का सिलसिला लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब एक नया मामला सामने आया है।
बधुवार को जैस्मीन पटेल नामक महिला ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचना दी कि एक नामचीन कंपनी के वेफर्स द्वारा निर्मित क्रंचेक्स के पैकेट में मरा हुआ मेंढक मिला है। पुष्कर धाम सोसायटी के निवासी ने दावा किया कि उनकी चार साल की भतीजी को मंगलवार शाम को पास की एक दुकान से वेफर्स खरीद कर दिया था। उनकी भतीजी और उनकी नौ माह की बेटी पैकेट से कुछ वेफर्स खाए। तभी भतीजी को पैकेट में कुछ अजीब सा दिखाई दिया। उसने डरकर वह पैकेट फेंक दिया और दौड़कर आई। महिला ने बताया कि उसने जब मुझे बताया तो पहले मुझे यकीन नहीं हुआ, लेकिन जब मैंने खुद पैकेट में मरा मेंढक देखा तो मैं चौंक गई।
महिला ने बताया कि उसने कंपनी के वितरण और ग्राहक सेवा को शिकायत की, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। तब मैंने बुधवार सुबह खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सूचित किया।
वहीं जामनगर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीबी परमार ने बताया कि पैकेट में मृत मेंढक निकलने की शिकायत की गई है। हम उस दुकान पर गए थे, जहां से कल उसने यह खरीदा था। प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि वास्तव में पैकेट में मेंढक था, वह भी सड़ी हुई अवस्था में। नगर निगम ने बुधवार को आलू वेफर्स के पैकेट में कथित रूप से मृत मेंढक पाए जाने के बाद जांच के आदेश दिए। जामनगर नगर निगम के एक अधिकारी ने कहा कि जांच के तहत वेफर पैकेट के उत्पादन बैच के नमूने एकत्र किए जाएंगे।