संघ को पेशेवर तरीके से चलाने की कवायद के तहत दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के नये पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) की नियुक्ति की है।
रवि कांत चोपड़ा को मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया गया है जबकि पीसी वैश को मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) और जीआर सक्सेना मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) होंगे। भारतीय डिफेंस एस्टेट्स सर्विस का हिस्सा रहे चोपड़ा भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय में रक्षा संपदा विभाग के महानिदेशक रहे हैं।
वहीं वैश राष्ट्रीय टैक्सटाइल निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक रहे हैं। इससे पहले वह एनएचपीसी के मुख्य प्रबंधक (वित्त) भी रहे हैं। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट वैश ने निजी क्षेत्र में कई कपड़ा कंपनियों के निदेशक बोर्ड की अध्यक्षता की है।
सक्सेना ने इंडियन एक्सप्रेस न्यूजपेपर्स (मुंबई) लिमिटेड के वरिष्ठ महाप्रबंधक, मानव संसाधन एवं प्रशासन के रूप में कार्य किया और बाद में द इंडियन एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड से वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मानव संसाधन एवं प्रशासन के रूप में जुड़े। उन्होंने मानव संसाधन और प्रशासन में लगभग 30 साल का अनुभव है।