दाऊदी बोहरा समुदाय के लोग मुख्य रूप से गुजरात के सूरत, अहमदाबाद, जामनगर, राजकोट, दाहोद, और महाराष्ट्र के मुंबई, पुणे व नागपुर, राजस्थान के उदयपुर व भीलवाड़ा और मध्य प्रदेश के उज्जैन, इंदौर, शाजापुर जैसे शहरों और कोलकाता व चैन्नै में रहते हैं। मुंबई के भिंडी बाजार, मझगांव, क्राफर्ड मार्केट, भायखला, बांद्रा, सांताक्रुज और मरोल में इनकी संख्या काफी ज्यादा है।
भिंडी बाजार में तो इनकी आबादी इतनी ज्यादा है कि उसे बोहरी मोहल्ला ही कहा जाने लगा है। एक अनुमान के मुताबिक इंदौर में भी दाऊदी बोहरा समुदाय की आबादी 35,000 के आस-पास है।भारत के अलावा पाकिस्तान के सिंध प्रांत, ब्रिटेन, अमेरिका, दुबई, इराक, यमन और सऊदी अरब में भी उनकी अच्छी खासी तादाद है।