भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को इलाज के बाद मंगलवार तड़के ठाणे की सेंट्रल जेल वापस लाया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जे. जे. अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि ठाणे सेंट्रल जेल में बंद इकबाल कासकर को छाती में दर्द और चक्कर आने के बाद सोमवार रात को करीब दस बजे दक्षिण मुंबई के भायखला इलाके स्थित सरकारी जे. जे. अस्पताल ले जाया गया था। छाती में दर्द और चक्कर आने के अलावा कासकर त्वचा रोग से भी पीड़ित है।
डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल में कासकर जांच की गई और आवश्यक इलाज किया गया। दवा दिए जाने और स्वास्थ्य की जांच के बाद पाया गया कि कासकर को अस्पताल में रखने की जरूरत नहीं है। इसलिए कासकर को मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे ठाणे जेल ले जाया गया।
उल्लेखनीय है कि यूएई से 2003 में निर्वासित कासकर को ठाणे पुलिस ने पिछले साल सितंबर में गिरफ्तार किया था। उसे जबरन उगाही के मामले में जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने इससे पहले बताया था कि कासकर पर मुंबई में दाऊद के रियल स्टेट कारोबार का संचालन करने का संदेह है।