एक अज्ञात चोर ने अरबपति बिजनेसमैन पालोंजी शापूरजी मिस्त्री की 62 वर्षीया बेटी के बैंक खाते से 90 हजार रुपये उड़ा लिए। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि इस मामले में कोलाबा पुलिस थाने में साइबर फ्रॉड का मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारी के मुताबिक, जुलाई में फ्रॉड की बात तब पकड़ में आई, जब मिस्त्री की कंपनी के डिप्टी जनरल मैनेजर (अकाउंट्स) जयेश मर्चेंट को बैंक खाते से पैसा निकलने का मैसेज अपने मोबाइल पर मिला।
मर्चेंट के बैंक से संपर्क करने पर डेबिट कार्ड के जरिये कई बार में 90 हजार रुपये निकालने की जानकारी मिली। अधिकारी के मुताबिक, बैंक खाता बेहद पुराना होने के कारण इसमें केवल चेक के जरिये ही लेनदेन होता था। इसके चलते मर्चेंट ने तत्काल कोलाबा पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज करा दी थी।
बता दें यह बैंक खाता पालोंजी मिस्त्री की दो बेटियों में से एक लैला रुस्तम जहांगीर के नाम पर है। लैला दुबई में रहती हैं और उन्होंने अपनी जगह पिता को खाता संचालित करने के अधिकार दिए हुए हैं।
पालोंजी मिस्त्री ने 2018 में अपनी कंपनी के निदेशक फिरोज भाटेना को इस खाते की वित्तीय गतिविधियां देखने का अधिकार दिया था। भाटेना ने ये जिम्मेदारी 60 वर्षीय मर्चेंट को सौंप दी थी। इस कारण बैंक खाते के लेनदेन का अलर्ट मैसेज पाने के लिए मर्चेंट का ही मोबाइल नंबर दर्ज था।