देश में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए तीन मई तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। इस कारण ढुलाई का काम करने वाले ट्रक ड्राइवरों को ट्रकों की मरम्मत के लिए दुकानों और खाने के लिए ढाबों के नहीं खुलने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, परिवहन मंत्रालय ने इसका समाधान करने के लिए डैशबोर्ड लिंक की शुरुआत की है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर एनएचएआई, राज्यों, तेल की बिक्री करने वाली कंपनियों जैसे संगठनों द्वारा देश भर में उपलब्ध ढाबों और ट्रक की मरम्मत से संबंधित दुकानों की सूची और विवरण प्रदान करने वाला डैशबोर्ड लिंक शुरु किया है। इस सूची को https://morth.nic.in/dhabas-truck-repair-shops-opened-during-covid-19 पर जाकर देखा जा सकता है।
मंत्रालय ने बताया है कि इसका उद्देश्य कोविड-19 महामारी पर काबू पाने के लिए घोषित लॉकडाउन के मौजूदा चुनौतीपूर्ण समय में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए ट्रक/कार्गो चालकों और क्लीनर्स को देश के विभिन्न स्थानों पर आवागमन के दौरान सहायता उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि सूचना प्रदान करने के लिए विभिन्न हितधारकों विशेषकर राज्यों/ संघशासित प्रदेशों, तेल बिक्री करने वाली कंपनियों (ओएमएस) आदि के साथ नियमित संपर्क बनाया जा रहा। बाद में इसी सूचना को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की वेबसाइट पर अपडेट किया जाता है।
मंत्रालय ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय राजमार्गों के ढाबों और मरम्मत की दुकानों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए एनएचएआई के केंद्रीकृत कॉल नंबर 1033 को भी कॉल का जवाब देने और चालकों/क्लीनर्स की मदद करने में सक्षम बनाया गया है।
साथ ही ढाबे और मरम्मत की दुकान, चालक, क्लीनर या वस्तुओं की आवाजाही की श्रृंखला में शामिल व्यक्ति को सामाजिक दूरी, मास्क का उपयोग, स्वच्छता, आदि सभी आवश्यक सावधानियों और स्वास्थ्य देखभाल संबंधी प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।