पूर्वी सीमांत रेल अपने यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधाएं देने के लिए लगातार कोशिश करता रहता है। इसी कड़ी में सोमवार को दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट और सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पर एक फुट ओवरब्रिज और एक एग्जीक्यूटिव लॉन्ज का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में पूर्वी सीमांत रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता और मुख्यालय एवं मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा, पूर्वी सीमांत रेल के कटिहार मंडल के अंतर्गत न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे (डीएचआर) प्लेटफॉर्म पर एक प्रतीक्षालय का भी उद्घाटन किया गया। सीपीआरओ सब्यसाची डे ने बताया कि फुट ओवरब्रिज 6 मीटर चौड़ा है। इसका निर्माण करीब 3.8 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।
उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी जंक्शन में एक साथ 36 लोगों के बैठने की क्षमता वाले नए एग्जीक्यूटिव लॉन्ज का भी उद्घाटन किया गया। इसके अलावा न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर डीएचआर प्लेटफॉर्म पर स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए नवनिर्मित प्रतीक्षालय का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर दोनों ही जनप्रतिनिधियों ने रेलवे द्वारा लोगों के लिए दी जा रही सुविधाओं के लिए उनकी प्रशंसा की और बधाई दी।
कई बुनियादी ढांचों का विकास कार्य पूरा
इस अवसर पर पूर्वी सीमांत रेल के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता ने बताया कि कई बुनियादी ढांचों का विकास कार्य पूरा हो चुका है और भविष्य में पूर्वी सीमांत रेलवे के अधीन सिलीगुड़ी, न्यू जलपाईगुड़ी और सभी प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कई कार्य किए जाएंगे। गौरतलब है कि पूर्वी सीमांत रेल में सिलीगुड़ी जंक्शन एक पुराना और महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। रेल प्राधिकरण भविष्य में स्टेशनों पर उपलब्ध बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को और अधिक बढ़ाने की योजना बना रहा है।