ओडिशा के बासुदेवपुर में राज्य सहकारी समिति ने डेयरी किसानों के दूध लेने से मना कर दिया, जिसके बाद किसानों ने सांकेतिक विरोध करते हुए गैलन भर-भर कर दूध सड़कों पर बहा दिया।
ओडिशा राज्य सहकारी दुग्ध उत्पादक महासंघ(ऑम्फेड) ने किसानों से दूध लेने से मना कर दिया है। महासंघ का कहना है कि किसान जो दूध दे रहे हैं, उसकी क्वालिटी सही नहीं है। संघ का आरोप है कि किसान इन दिनों दूध में काफी मिलावट कर रहे हैं।
स्थानीय खबरों के अनुसार, बीते 12 जुलाई को जब किसान दुग्ध शीतक गृह पहुंचे, तो ऑम्फेड ने खराब क्वालिटी होने का हवाला देते हुए किसानों का दूध लेने से मना कर दिया।
ऑम्फेड के विरोध में किसानों ने आक्रोश प्रदर्शन करते हुए गैलनों में भरा हुआ दूध बासुदेवपुर शहर की सड़क पर बहा डाला। इस संबंध में अबतक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।