देश के पश्चिमी तटीय हिस्से में चक्रवाती तूफान ताउते के कारण बारिश हो रही है। मुंबई में भी बारिश के बीच एक महिला रोज की तरह झाड़ू लगा रही थी। उसके सिर पर पॉलिथिन था, मगर रेनकोट नहीं था। किसी राहगीर ने उसका वीडियो बनाकर साझा किया। यह उद्योगपति आनंद महिन्द्रा समेत कई को अच्छा लगा। उन्होंने महिला सफाईकर्मी के जज्बे को सलाम करते हुए प्रेरणादायी बताया।
दरअसल, यह वीडियो ट्विटर यूजर @Aladdin_ka_ ने साझा किया था। उन्होंने इस वीडियो के साथ संदेश लिखा- 'उनका सम्मान करें, ऐसी परिस्थितिया मुझे एहसास कराती हैं कि मैं कितना प्रिवलिज्ड हूं।’ इस ट्वीट को हजारों लोग देख चुके हैं और सैकड़ों ने उसे लाइक किया है।
आनंद महिंद्रा ने यह लिखा
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा, 'इस बारे में कोई संदेह नहीं है। आज के लिए ये बेहद प्रेरणादायक है। मैं जानता हूं कि @mybmc इन्हें रेनकोट उपलब्ध कराती है। लेकिन वे एक बार फिर सुनिश्चित कर सकते हैं कि यह सबके पास है या नहीं…।'
बता दें, देशभर के नगरों व महानगरों में रोजाना महिला व पुरुष सफाईकर्मी सड़कों की सफाई करते नजर आते हैं। उनके पास मौसम की मार से बचने के साधन तक नहीं होते हैं। सोमवार को भीगते हुए मुंबई की सड़क बुहार रही महिला के पास भी रेनकोट नहीं था। वह सिर्फ सिर पर पॉलिथिन बांधकर उसका बचाव करते हुए अपने काम को पूरी निष्ठा से अंजाम दे रही थी।