फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Cyclone Nivar: कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान 'निवार', लेकिन खतरा अभी टला नहीं

Thu, 26 Nov 2020 07:30 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

चक्रवाती तूफान 'निवार' तमिलनाडु के तट से टकरा गया। इसे लेकर सरकार और एनडीआरएफ की टीमें सतर्क हैं। इसे लेकर तमिलनाडु के 13 जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है। तटीय इलाकों में बिना किसी कारण लोगों से घर से बाहर निकलने से मना किया गया है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), तटरक्षक बल, दमकल विभाग सहित विभिन्न राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के कर्मचारियों की तैनाती किसी भी स्थिति से निपटने के लिए की गई है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में चक्रवाती तूफान निवार के मद्देनजर एनडीआरएफ के करीब 1,200 बचावकर्मियों को तैनात किया गया है और 800 अन्य को तैयार रखा गया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:59 AM, 26-Nov-2020

उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ जाएगा तूफान

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन घंटे में निवार तूफान उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ बढ़कर कमजोर पड़ जाएगा। 

 

05:03 AM, 26-Nov-2020

तूफान के बाद का नजारा

निवार तूफान अब कमजोर पड़ गया है। इसने पुदुचेरी तट को पार कर लिया है। इस दौरान भारी बारिश और तेज हवा की वजह से जगह-जगह नुकसान भी हुआ है।  

 

04:36 AM, 26-Nov-2020

तूफान कमजोर, लेकिन खतरा अभी टला नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पूर्व सेक्टर में तेज हवाएं चल रही हैं। पुदुचेरी के उत्तर पूर्व में हवा की गति 100-110 किमी प्रति घंटा है। अगले तीन घंटे में इसकी गति घटकर 65-75 किमी प्रति घंटा रह जाएगी। हालांकि खतरा अभी टला नहीं है। 
 

विज्ञापन
04:03 AM, 26-Nov-2020

तूफान पड़ा कमजोर

तूफान निवार थोड़ा कमजोर पड़ गया है और इसकी रफ्तार 100-110 किमी प्रति घंटा है। ये उत्तर-उत्तर पश्चिम की तरफ पढ़ा जाएगा और कमजोर पड़कर सामान्य तूफान में बदल जाएगा।  


 

03:34 AM, 26-Nov-2020

चक्रवाती तूफान निवार हुआ कमजोर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान निवार अब थोड़ा कमजोर होकर एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया है।
 

विज्ञापन
03:26 AM, 26-Nov-2020

निवार गुरुवार को 11:30 से 2:30 बजे के बीच पुडुचेरी के तट को पार करेगा

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवात निवार का केंद्र अब कमजोर होने लगा है, यह अब जमीन पर आ गया है। यह 26 नवंबर की सुबह 11:30 बजे से 2:30 बजे के बीच पुडुचेरी के पास तट को पार करेगा।
 

02:48 AM, 26-Nov-2020

अगले दो घंटों के भीतर पुडुचेरी के समुद्री तट को पार करेगा निवार

तमिलनाडु के महाबलिपुरम में तेज हवाएं चल रही हैं। चक्रवात निवार की लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है। चक्रवात निवार का केंद्र पिछले छह घंटों में 16 किलोमीटर की गति के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, यह कुड्डलोर के 45 किलोमीटर पूर्व-पूर्वोत्तर और पुदुचेरी से 30 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। यह अगले दो घंटों के भीतर पुडुचेरी के पास समुद्री तट को पार कर जाएगा।
 

02:27 AM, 26-Nov-2020

तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश की संभावना

तमिलनाडु राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने राज्य के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि अगले तीन घंटे के भीतर तमिलनाडु के तिरुवन्नमलाई, कुड्डलोर, कल्लाकुरीची और विलुप्पुरम जिलों के साथ-साथ पुडुचेरी क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है।
 

02:05 AM, 26-Nov-2020

पु़डुचेरी से मात्र 25 किलोमीटर दूर है निवार

आईएमडी ने बताया कि 'बहुत भयंकर चक्रवाती तूफान 'निवार', बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में पु़डुचेरी से लगभग 25 किलोमीटर पूर्व और चेन्नई (तमिलनाडु) से 100 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम पर स्थित है। लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात का केंद्र अगले दो घंटे में पुडुचेरी के पास तट से टकराएगा, यह 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 145 किलोमीटर की रफ्तार से चल रहा है।
 

01:31 AM, 26-Nov-2020

लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी- आईएमडी

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया कि 'लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। चक्रवात का केंद्र अगले 1-2 घंटों के भीतर 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ पुडुचेरी के पास तट पार करेगा। पिछले छह घंटों के दौरान 16 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ केंद्र पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ रहा है।
 

01:27 AM, 26-Nov-2020

पुडुचेरी में तेज हवाएं और भारी बारिश शुरू

पुडुचेरी में तेज हवाएं और भारी बारिश शुरू हो गई है। आईएमडी के अनुसार, चक्रवात निवार की लैंडफॉल प्रक्रिया चल रही है और चक्रवात का केंद्र पुडुचेरी के पास अगले दो घंटे के भीतर 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ तट को पार करेगा।
 

01:21 AM, 26-Nov-2020

अगले दो घंटे में पुडुचेरी के तट से टकराएगा निवार

तमिलनाडु के महाबलिपुरम में तेज हवा चल रही है, चक्रवात निवार की लैंडफॉल प्रक्रिया जारी है। आईएमडी के अनुसार, बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान निवार 120-130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लेकर 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ अगले दो घंटों के भीतर पुडुचेरी के पास समुद्री तट से टकराएगा।
 

01:18 AM, 26-Nov-2020

कुड्डालोर में 227 मिमी बारिश हुई

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, कुड्डालोर में 25 नवंबर को सुबह 8:30 से रात 10:30 बजे के बीच 227 मिलीमीटर बारिश हुई। पुडुचेरी में 187 मिलीमीटर बारिश, कराईकल में 84 मिलीमीटर, चेन्नई में 89 मिलीमीटर और नागपट्टनम में 62 मिलीमीटर वर्षा हुई।
 

01:13 AM, 26-Nov-2020

चेन्नई में बारिश और तेज हवाएं चल रही

तमिलनाडु के चेन्नई में बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, चक्रवात निवार की लैंडफॉल प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह दृश्य मरीना बीच के हैं। पूरे तमिलनाडु में एक लाख से अधिक लोगों को निकाला गया है और पुडुचेरी में 1,000 से अधिक लोगों को निकाला गया है।
 

01:03 AM, 26-Nov-2020

'आईएनएस ज्योति चेन्नई पहुंच रहा है'

तमिलनाडु और पुडुचेरी नौसेना क्षेत्र के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल पुनीत चड्ढा ने बताया कि 'एक जहाज आईएनएस ज्योति आज रात चेन्नई में मानवीय और आपदा राहत, बाढ़ राहत टीम और एक गोताखोरों की टीम के साथ पहुंच रहा है। एक अन्य जहाज आईएनएस सुमित्रा अतिरिक्त समर्थन के साथ सुबह चेन्नई पहुंचेगी।
 

12:49 AM, 26-Nov-2020

चेन्नई में भारतीय नौसेना के विशेष गोताखोरों की टीमें तैनात

चेन्नई में भारतीय नौसेना के विशेष गोताखोरों की टीमें और रामनाथपुरम में आईएनएस परुंदु को तैनात किया गया है। भारतीय नौसेना ने 11 बाढ़ राहत टीमें गठित की है जो पुडुचेरी और तमिलनाडु में चक्रवात पार करने पर बाढ़ के हालात होने पर सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार हैं। 
 

12:26 AM, 26-Nov-2020

अगले दो घंटे में दिल्ली और हरियाणा में होगी बारिश

भारतीय मौसम विभाग ने रात 12.05 बजे (update issued at 12:05 am) बताया कि अगले दो घंटे में हरियाणा के गोहाना, असंध, पानीपत और आसपास के क्षेत्रों में आंधी के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही जींद, सफीदों, नरवाना, राजौंद, करनाल, फरीदाबाद (हरियाणा) और दक्षिण दिल्ली के अलग-अलग स्थानों में हल्की वर्षा हो सकती है।
 

11:56 PM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु के 13 जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने चक्रवात के मद्देनजर लोगों की सुरक्षा के लिए चेन्नई, वेल्लोर, कुड्डालोर, विल्लुपुरम, नागापट्टिनम, तिरुवरूर, चेंगलपेट, कांचीपुरम समेत 13 जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। बुधवार को पहले ही अवकाश घोषित किया जा चुका था।

11:42 PM, 25-Nov-2020

चक्रवाती तूफान 'निवार' चेन्नई में समुद्र तट से टकराया

चक्रवाती तूफान 'निवार' चेन्नई में समुद्र तट से टकरा गया है और अगले कुछ ही घंटों में विकराल रूप धारण कर लेगा। तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में मूलसाधार बारिश हो रही है तो चक्रवाती तूफान पेड़ों-खंभों और कच्चे घरों की छतों को उड़ाने को तैयार है। भारतीय मौसम विभाग चेन्नई के एस बालाचंद्रन ने कहा कि चक्रवाती तूफान का लैंडफॉल प्रोसेस शुरू हो चुका है। यह पुडुचेरी में तट को तीन घंटे के भीतर पार करेगा।

11:33 PM, 25-Nov-2020

पुदुचेरी से 40 किमी दूर है तूफान

चक्रवाती तूफान निवार फिलहाल कुड्डलोर से लगभग 50 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और पुदुचेरी से 40 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है। उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए आधी रात के दौरान पुदुचेरी के पास कराइकल और मामल्लपुरम के बीच तमिलनाडु और पुदुचेरी तटों को पार करते हुए तूफान दस्तक देगा। आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन घंटे के भीतर पुडुचेरी के पास चक्रवात के तट को पार कर सकता है। फिलहाल 120-130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।

10:50 PM, 25-Nov-2020

अशोक लीलैंड ने एहतियातन चेन्नई संयंत्र बंद किया

हिंदुजा समूह की प्रमुख कंपनी अशोक लीलैंड ने निवार चक्रवात को देखते हुए एहतियात के तौर पर चेन्नई संयंत्र को बंद कर दिया है। निवार के आज रात को तट से टकराने की संभावना है। कंपनी के मानव संसाधन अध्यक्ष एन. वी. बालाचंदर ने एक बयान में कहा कि संयंत्र में 27 नवंबर से दोबारा परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमारे चेन्नई संयंत्र को चक्रवात के चलते एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। हमें 27 नवंबर से परिचालन दोबारा शुरू करने की उम्मीद है।

10:40 PM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु में एत घंटे के भीतर भारी बारिश की संभावना

चेन्नई के मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु में एक घंटे के भीतर भारी बारिश होगी। राहत और बचाव की टीम मौके पर मौजूद  है। मौसम विभाग ने कहा कि देर रात तीन बजे के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आएगी, हालांकि यह लगातार जारी रहेगी।

09:26 PM, 25-Nov-2020

देर रात दो बजे भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार देर रात दो बजे भारी बारिश होने की संभावना है। पुडुचेरी में 10 से अधिक हेलीकॉप्टरों को राहत के लिए लगाया गया है। 

08:30 PM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु और पुडुचेरी से 1 लाख से अधिक लोगों को निकाला गया

चक्रवाती तुफान 'निवार' के मद्देनजर तमिलनाडु और पुडुचेरी से 1 लाख से अधिक लोगों को संवेदनशील क्षेत्रों से निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। एनडीआरएफ प्रमुख ने यह जानकारी दी।

 

08:04 PM, 25-Nov-2020

दर्जन से अधिक विशेष ट्रेनें रद्द

चक्रवाती तूफान 'निवार' के खतरा को देखते हुए रेलवे ने दर्जन से अधिक विशेष ट्रेनें रद्द कर दी है। रेलवे ने कहा है कि रद्द ट्रेनों का पूरा किराया वापस होगा।

06:42 PM, 25-Nov-2020

यूजीसी-नेट 2020 परीक्षा स्थगित

चक्रवाती तूफान 'निवार' के खतरा को देखते हुए तमिलनाडु और पुडुचेरी में 26 नवंबर को होने वाली यूजीसी-नेट 2020 (गणित और रसायन विज्ञान) की परीक्षा अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई है। 

06:12 PM, 25-Nov-2020

कुड्डलोर से लगभग 90 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व तक पहुंचा निवार 

चक्रवात निवार अब कुड्डलोर से लगभग 90 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण पूर्व, पुदुचेरी से लगभग 150 किमी पूर्व और चेन्नई से 220 किमी दक्षिण-पूर्व तक पहुंच गया है।

05:30 PM, 25-Nov-2020

चेन्नई एयरपोर्ट पर विमान का संचालन निलंबित

खतरनाक चक्रवात ‘निवार’ के मद्देनजर चेन्नई एयरपोर्ट पर  उड़ानों का संचालन आज शाम 7 बजे से लेकर कल सुबह 7 बजे तक निलंबित किया  गया है।

05:08 PM, 25-Nov-2020

पुडुचेरी में मध्यम बारिश दर्ज की गई

चक्रवात ‘निवार’ के आगमन के मद्देनजर पुडुचेरी सरकार का कहना है कि प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। केंद्र शासित प्रदेश में चक्रवाती तूफान के कारण मंगलवार रात से रुक-रुक कर मध्यम बारिश हो रही है। बुधवार को उपराज्यपाल किरण बेदी ने एक वीडियो संदेश में निवासियों से घर के अंदर रहने की अपील की।

पुडुचेरी क्षेत्र में धारा 144
पुडुचेरी क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को प्रतिबंधित करने के लिए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। यह आदेश मंगलवार को रात नौ बजे लागू हुआ और बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे तक लागू रहेगा।

04:41 PM, 25-Nov-2020

चेन्नई के कई हिस्सों में बिजली काटी गई

चक्रवाती तूफान 'निवार' के प्रभाव से चेन्नई के कई हिस्सों में बारिश हो रही है और इस वजह से बिजली की आपूर्ती काटी गई है।

04:16 PM, 25-Nov-2020

ममल्लापुरम और कराईकल में तेज हवाएं चलनी शुरू

खतरनाक चक्रवाती तूफान 'निवार' आने से पहले ममल्लापुरम और कराईकल में तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई है।

 

04:05 PM, 25-Nov-2020

कई नहरों में पानी से लबालब

तमिलनाडु के एमजीआर नहर, विरुगंबक्कम नहर, मम्बलम नहर और इन नहरों को जोड़ने वाले सभी नाले पानी से भर गए हैं। इन नहरों के किनारे सड़कें भी डूबी हुई हैं।

04:02 PM, 25-Nov-2020

चेम्बरबक्कम झील से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाई गई

चेन्नई के चेम्बरबक्कम झील से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाकर अब 1500 क्यूसेक कर दी गई है। यह रात में और बढ़ेगा, पीडब्ल्यूडी ने इसकी जानकारी दी।

03:46 PM, 25-Nov-2020

दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बारिश शुरू

खतरनाक चक्रवात निवार के प्रभाव से दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में बारिश शुरू हो गई है।

03:40 PM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु के 13 जिलों में गुरुवार को भी अवकाश घोषित

चेन्नई, वेल्लोर, कुड्डलोर, विलुप्पुरम, नागापट्टिनम, तिरुवूर, चेंगलपट्टू, और पेरम्बलोर सहित तमिलनाडु के 13 जिलों में 26 नवंबर तक राज्यव्यापी सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई।

02:54 PM, 25-Nov-2020

चेन्नई में हुआ जल-जमाव

भारी बारिश के बाद चेन्नई के पूनमल्ली हाई रोड के आसपास के क्षेत्र में गंभीर जल-जमाव हो गया है। 

 


 

02:35 PM, 25-Nov-2020

चेंबरमबक्कम झील के दौरे पर पहुंचे सीएम पलानीस्वामी

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने स्थिति की समीक्षा करने के लिए चेंबरमबक्कम झील का दौरा किया।
 
 

02:16 PM, 25-Nov-2020

26 उड़ानों को रद्द किया गया

चेन्नई हवाई अड्डे ने बताया है कि चक्रवाती तूफान को देखते हुए चेन्नई आने और यहां से जाने वाले 26 उड़ानों को रद्द कर दिया गया है। 
 
 

02:15 PM, 25-Nov-2020

भोजन और दवा का किया गया प्रबंध

मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा, लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना चाहिए। 80 केंद्रों की पहचान की गई है जहां भोजन और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। हम 12 घंटे के भीतर बिजली बहाल करेंगे। 

02:15 PM, 25-Nov-2020

लोगों को कराया जा रहा है कोरोना परीक्षण: पुडुचेरी सीएम

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा, लोगों को घर के अंदर रहने और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की सलाह दी गई है। हम लोगों को भोजन, पीने का पानी उपलब्ध करा रहे हैं, और उनका कोरोना परीक्षण भी किया जाएगा। 
 
 

01:38 PM, 25-Nov-2020

पांच ट्रेनों को किया गया रद्द

दक्षिण रेलवे ने बताया है कि दो ट्रेनों को आज के लिए रद्द कर दिया गया है। गुरुवार को लिए तीन ट्रेनों और 28 नवंबर के लिए एक ट्रेन को रद्द किया गया है। कुल मिलाकर पांच ट्रेनों को रद्द किया गया है।  
 

 

01:20 PM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु के इन क्षेत्रों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग ने बताया है कि तमिलनाडु के तंजावुर, तिरुवरुर, नागापट्टिनम, कुड्डलोर, चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, मायलादुथिराई, अरियालुर, पेरम्बलुर, कल्लूराची, विल्लुपुरम, तिरुवन्नमलाई डिस्ट्रिक्ट और पुड्डुवारा में भारी से अधिक भारी होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवल्लुर, तिरुपट्टूर, कृष्णागिरि, तिरुचिरापल्ली, सलेम और धर्मपुरी जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 
 
 

01:17 PM, 25-Nov-2020

तैयारियों का जायजा ले रहे हैं पुडुचेरी के सीएम

चक्रवात निवार को लेकर आगे की तैयारी की समीक्षा करने के लिए पुदुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कलापेट के पास कनकचेतकुलम क्षेत्र का दौरा किया।
 
 

12:55 PM, 25-Nov-2020

अगले 12 घंटे में अति विकराल रूप धारण करेगा चक्रवात

बुधवार को मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में कहा गया, चक्रवाती तूफान के अगले 12 घंटे में अति विकराल रूप धरने की आशंका प्रबल है। इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 25 नवंबर की रात या 26 नवंबर तड़के तमिलनाडु और पुडुचेरी के बीच कराईकल और मामल्लापुरम पर तट से टकराने की आशंका है। तूफान की गति 120-130 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी जो बढ़कर 145 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। 

 

12:20 PM, 25-Nov-2020

चेम्बरमबक्कम झील से छोड़ा जाएगा पानी

चक्रवाती तूफान ‘निवार’ अगले 12 घंटे में अति विकराल रूप धर बुधवार आधी रात या गुरुवार तड़के तमिलनाडु और पुडुचेरी के बीच तट से टकराएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। इस बीच सरकार ने कहा है कि चेम्बरमबक्कम झील में क्षमता से अधिक पानी होने की आशंका के चलते झील का पानी छोड़ा जाएगा।

11:19 AM, 25-Nov-2020

एनडीआरएफ मुस्तैद

एनडीआरएफ प्रमुख एस एन प्रधान ने कहा कि तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में कुल 22 दलों को पहले ही तैनात किया जा चुका है और आठ दलों को तैयार रखा गया है। उन्होंने कहा,  इन 30 दलों में से 12 को तमिलनाडु, सात को आंध्र प्रदेश और तीन को पुडुचेरी में तैनात किया गया है।

प्रधान ने बताया कि 20 अतिरिक्त दल तैयार रहेंगे, जिन्हें कटक (ओडिशा), विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश) और त्रिशूर (केरल) जैसे स्थानों से विमान के जरिए पहुंचाया जाएगा। एनडीआरएफ प्रमुख ने बताया कि टीमों के पास सभी प्रकार के संचार यंत्र और खंभे एवं पेड़ काटने के उपकरण हैं और कर्मियों को कोविड-19 हालात के मद्देनजर व्यक्तिगत सुरक्षा किटें मुहैया कराई गई हैं।

10:27 AM, 25-Nov-2020

चेन्नई में जगह-जगह जलजमाव

तूफानी चक्रवात निवार के चलते तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया है। निवार के चलते शहर में भारी बारिश हो रही है। 
 

 

09:40 AM, 25-Nov-2020

पुडुचेरी के सीएम ने कहा, निचले इलाकों से लोगों को निकाला गया

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने कहा, जनता को सहायता प्रदान करने के लिए राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष से केंद्रीय नियंत्रण कक्ष संचालित किया जा रहा है। निचले इलाकों से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। उन्हें भोजन, पानी, हैंड सैनिटाइजर और फेस मास्क मुहैया कराया जा रहा है। मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। 
 
 

09:11 AM, 25-Nov-2020

चेन्नई से 350 किमी दक्षिण में है तूफान

एरिया साइक्लोन वार्निंग सेंटर के निदेशक ने बताया कि चक्रवाती तूफान चेन्नई से 350 किमी दक्षिण में है और यह उत्तर पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। चक्रवाती तूफान के भयंकर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। यह तूफान देर शाम या रात को कराईकल और महाबलिपुरम से गुजरेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 145 किमी प्रति घंटा रह सकती है। 
 

 

09:01 AM, 25-Nov-2020

कैबिनेट सचिव ने की तूफान को लेकर बैठक

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन कमेटी (एनसीएमसी) ने सभी संबंधित विभागों को इस लक्ष्य के साथ काम करने को कहा है कि एक भी व्यक्ति की जान ना जाए। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली, संचार व्यवस्था के साथ ही जल्द से जल्द हालात सामान्य बनाने के लिए भी तैयार रहने को कहा गया है। एनसीएमसी ने आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के मुख्य सचिवों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक कर चक्रवात निवार के संबंध में तैयारियों की समीक्षा की।

08:52 AM, 25-Nov-2020

120 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि ‘निवार’ बुधवार को चेन्नई से 50 किलोमीटर दूर राज्य के मामल्लापुरम और पुडुचेरी के कराईकल तट से बुधवार देर शाम भारी तूफान के रूप में टकरा सकता है और इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है, जिसकी गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। विभाग ने कहा कि बुधवार को तूफान के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।

08:42 AM, 25-Nov-2020

तट से टकराया तूफान निवार

भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने मंगलवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात ‘निवार’ में परिवर्तित हो गया है और इसके बुधवार को भारी तूफान के रूप में तमिलनाडु और पुडुचेरी के तट से टकराने की आशंका है। तूफान के मद्देनजर तमिलनाडु और पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और असुरक्षित इलाकों से लोगों को निकालने सहित एहतियाती उपाय सरकार द्वारा किए जा रहे हैं।

08:30 AM, 25-Nov-2020

कल से अब तक चेन्नई में हुई 120 एमएम बारिश

चक्रवाती तूफान निवार के चलते चेन्नई के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, कल सुबह 8.30 बजे से लेकर आज सुबह 5.30 बजे तक चेन्नई/मीनांबक्कम में 120 एमएम बारिश हुई है। 
 
 

07:52 AM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु के कांचीपुरम में शुरू हुई भारी बारिश

चक्रवात निवार के चलते तमिलनाडु कांचीपुरम में भारी बारिश की संभावना है। चक्रवात निवार आज कराईकल और ममल्लापुरम के बीच से गुजरने वाला है। 
 

07:43 AM, 25-Nov-2020

पुडुचेरी में उठ रही ऊंची समुद्री लहरें

पुडुचेरी में गंभीर चक्रवाती तूफान निवार के चलते समुद्र की ऊंची लहरें उठ रही हैं। चक्रवाती तूफान तमिलनाडु के ममल्लपुरम और पुडुचेरी के कराईकल से आज रात गुजरने वाला है। 
 
 

07:14 AM, 25-Nov-2020

चक्रवाती तूफान 'निवार' बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा

भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में दक्षिण-पश्चिम में गंभीर चक्रवाती तूफान 'निवार' पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर पिछले छह घंटों के दौरान छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति के साथ बढ़ रहा है और यह आज दोपहर 2.30 बजे बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित होगा।
 

06:52 AM, 25-Nov-2020

तमिलनाडु और पुडुचेरी में बुधवार को सार्वजनिक छुट्टी घोषित

तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में मंगलवार से बारिश शुरू हो गई है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), तटरक्षक बल, दमकल विभाग सहित विभिन्न राज्य और केंद्रीय एजेंसियों के कर्मचारियों की तैनाती किसी भी स्थिति से निपटने के लिए की गई है। तूफान के मद्देनजर तमिलनाडु और पुदुचेरी में बुधवार को सार्वजनिक छुट्टी घोषित की गई है और सार्वजनिक परिवहन को स्थगित कर दिया गया है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने पत्रकारों से कहा कि ‘बुधवार को राज्य में आम छुट्टी होगी लेकिन आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मी काम करेंगे।’

06:38 AM, 25-Nov-2020

पीएम मोदी ने हर संभव मदद का दिया भरोसा

मौसम विभाग ने कहा कि बुधवार को तूफान के प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी से बातचीत कर तूफान से पैदा हालात की जानकारी ली और केंद्र से हर संभव मदद का भरोसा दिया।

06:25 AM, 25-Nov-2020

एनडीआरएफ प्रमुख बोले- ‘हम इस पर करीब से नजर रख रहे हैं'

एनडीआरएफ प्रमुख एसएन प्रधान ने कहा कि 'वे अत्यधिक तीव्रता वाले एवं सबसे भीषण चक्रवाती तूफान के लिए तैयार हैं। यह तूफान पश्चिम बंगाल से दक्षिणी तटरेखा की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘हम इस पर करीब से नजर रख रहे हैं और प्रभावित राज्यों से समन्वय स्थापित कर रहे हैं।’ प्रधान ने कहा कि ‘स्थिति तेजी से बदल रही है और यह 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाले अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है।’

06:14 AM, 25-Nov-2020

1200 बचावकर्मी तैनात, 800 को तैयार रखा गया

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान ‘निवार’ के मद्देनजर आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के करीब 1,200 बचावकर्मियों को तैनात किया गया है और 800 अन्य को तैयार रखा गया है। इस चक्रवात के बुधवार शाम तक यहां पहुंचने की संभावना है।

06:07 AM, 25-Nov-2020

लाहौल-स्पीति जिले और आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना

भारतीय मौसम विभाग, हिमाचल प्रदेश के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि 'पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रतिकूल मौसम बना हुआ है। अगले 48 घंटों में, लाहौल-स्पीति जिले और आसपास के क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने की संभावना है।'
 

05:48 AM, 25-Nov-2020

Cyclone Nivar: कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान 'निवार', लेकिन खतरा अभी टला नहीं

बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव वाला क्षेत्र दक्षिण पश्चिम की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि यह अगले 24 घंटों में बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान 'निवार' में बदलेगा और बुधवार शाम पांच बजे तक तमिलनाडु, पुदुचेरी के कराईकाल व मल्लापुरम तटों से गुजरेगा। मौसम विभाग के अलर्ट के मद्देनजर तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों पर मंगलवार रात से धारा 144 लगा दी गई जो गुरुवार सुबह तक लागू रहेगी।



मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान निवार लगातार गंभीर होता जा रहा है और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है। यह कडालूर से 310 किलोमीटर दूर है और अगले 12 घंटे में ये और खतरनाक तूफान में तब्दील हो जाएगा। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें