प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को तमिलनाडु में निवार चक्रवात और भारी बारिश के कारण मरने वाले लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी के साथ फोन पर बात करते हुए उन्हें भी हर तरह की मदद का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि मृतकों के परिजनों और घायलों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक मदद दी जाएगी। पीएम मोदी ने तमिलनाडु में राहत व बचाव कार्यों में मदद करने के लिए तत्काल केंद्रीय टीमों को रवाना करने के भी निर्देश दिए हैं।
राज्य में अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1000 से ज्यादा पेड़ भारी बारिश के कारण उखड़ गए हैं। मुख्यमंत्री पलानीस्वामी ने पीएम मोदी को बताया कि चक्रवात के कारण 2.30 लाख लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है।
आंध्र में तीन की मौत
निवार चक्रवात का आंध्र प्रदेश के चार जिलों चित्तूर, कडपा, नेल्लोर और प्रकासम पर सबसे अधिक असर पड़ा है। चक्रवात के चलते तीन लोगों की जान गई है। इसके अलावा 10,000 से अधिक लोगों को विभिन्न राहत शिविरों में शरण दी गई।
मुख्यमंत्री वाईएस जगनमोहन रेड्डी की सरकार में मंत्री कुरसाला कन्नाबाबू ने बताया, चक्रवात के चलते इन जिलों में 283 सेंटीमीटर बारिश हुई। साथ ही 30,000 हेक्टेयर फसल और 1300 हेक्टेयर बागवानी का नुकसान हुआ। मुख्यमंत्री ने राहत शिविरों में रहे रहे सभी प्रभावित लोगों को 500-500 रुपये देने का निर्देश दिया है। साथ ही 15 दिसंबर तक फसलों को नुकसान का आकलन कर 31 दिसंबर तक लोगों को भुगतान कर दिया जाएगा।