फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amphan Cyclone: पश्चिम बंगाल की खाड़ी में दूसरी बार आ रहा है ऐसा तूफान

Tue, 19 May 2020 09:41 PM IST
अनवर अंसारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता/भुवनेश्वर

खास बातें

Cyclone Amphan: महाचक्रवात अम्फान के ओडिशा तटों के करीब पहुंचने के साथ ही कुछ हिस्सों में बारिश शुरू हो चुकी है जबकि राज्य सरकार ने संवेदनशील एवं निचले इलाकों को खाली कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर के निदेशक एच आर विश्वास ने कहा कि सुबह अम्फान का केंद्र पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर था, जो पारादीप (ओडिशा) से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण, दीघा से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम और बांग्लादेश के खेपुपारा से 800 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:41 PM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल: एनडीआरएफ के कर्मचारी जागरूकता अभियान के तहत पूर्वी मिदनापुर जिले के दीघा में लोगों को सतर्क कर रहे हैं। कल यानी बुधवार को यहां भूस्खलन का अनुमान है। एनडीआरएफ के कर्मचारी का कहना है कि हम लोगों से अनुरोध कर रहे हैं कि वे सरकार के निर्देशों का पालन करें। हम उन्हें सरकार द्वारा की गई तैयारी के अनुसार प्रक्रिया का पालन करने का भी अनुरोध कर रहे हैं। पूर्वी मिदनापुर में चार टीमें तैयार हैं। हम राज्य सरकार के साथ समन्वय में काम कर रहे हैं: अभिषेक कुमार गौरव, असिस्टेंट कमांडेंट, एनडीआरएफ, कोलकाता

08:47 PM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल की खाड़ी में दूसरी बार आ रहा है ऐसा तूफान

एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने कहा कि यह तूफान महाचक्रवात के रूप में अभी भी है। पश्चिम बंगाल की खाड़ी में दूसरी बार आ रहा है ऐसा तूफान। इससे पहले 1999 में आया था। उन्होंने कहा कि 190 किमी तक जा सकती हैं तेज हवाएं। 

प्रधान ने कहा कि पिछले तूफान की क्षमता लेकर ही आएगा ये तूफान। किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। राज्यों के साथ मिलकर चीजों को सही करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि लोग अपनी संपत्ति को छोड़कर जाना नहीं चाहते। उन्हें अपने घर व सामान की चिंता होती है। फिर भी ओडिशा और बंगाल में पिछले साल ही बुलबुल साइक्लोन ने इसी क्षेत्र में लैंड किया था। 

ओडिशा तो आदि हो चुका है। इस तरह के तूफानों से। लोगों को बाहर निकालने की संख्या बढ़ सकती है। समय और आकलन के हिसाब से बचाव कार्य होगा। पश्चिम बंगाल में दो लाख लोगों में से अधिकतर को सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा चुका है। लोग बात मान रहे हैं और पास के सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं।

08:39 PM, 19-May-2020

एनडीआरएफ के डीजी एसएन प्रधान ने क्या-क्या कहाः

  • तूफान की रफ्तार होगी 155 किमी से ज्यादा
  • तेज हवाओं से काफी नुकसान की आशंका
  • नौसेना, वायू सेना और तटरक्षक बल अलर्ट पर
  • ओडिशा और पश्चिम बंगाल में हो रही बारिश
  • तूफान को बुधवार को सुंदरबन इलाके में पहुंचने का अनुमान
  • प्रभावित इलाकों से लोगों को निकालना  सरकार की है प्राथमिकता
  • बिजली विभाग ने भी कमर कस ली है
  • इस तूफान से निपटने की पूरी तैयारी
  • ओडिशा और पश्चिम बंगाल में NDRF की 41 टीमें तैनात
  • सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा जा रहा है
  • इस व्यवस्था की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है और उन्हें पहले ही इस बारे में जानकारी दे दी गई है
  • तूफान के नजरिए से अच्छी बात यह है कि स्कूल कॉलेज बंद हैं

विज्ञापन
08:28 PM, 19-May-2020

चक्रवात तूफान अम्फान पश्चिम बंगाल की तरफ बढ़ रहा है। इसको ध्यान में रखते हुए कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट (KoPT) ने चेतावनी जारी की है। उन्होंने कहा है कि समुद्री संपत्ति और व्यापारी जहाजों को किसी भी तरह की क्षति न पहुंचे। इसके लिए उन्होंने सभी जहाजों के आवागमन पर रोक लगा दिया है। इसके साथ ही मछुआरों को चेतावनी दी गई है कि वे समंदर किनारे या मछली पकड़ने न जाएं। इस बात की जानकारी अधिकारियों ने दी।

रिमोट ऑपरेटिंग स्टेशन के माध्यम से अलर्ट
ओडिशा: पारादीप में रिमोट ऑपरेटिंग स्टेशन के माध्यम से भारतीय तटरक्षक बल व्यापारी जहाजों, अंतरराष्ट्रीय जहाजों और मछुआरों के लिए प्रसारण पर अलर्ट जारी कर रहा है। उन्हें समुद्र से दूर रहने के लिए कहा जा रहा है। 

07:30 PM, 19-May-2020

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने अम्फान के संबंध में बैठक की

दिल्ली: आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी के राज्य अध्यक्षों, राज्य महासचिवों और ओडिशा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के महासचिवों के साथ अम्फान के संबंध में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की।
 

विज्ञापन
06:00 PM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल के दिघा में भारी बारिश और तेज हवाएं
 

पश्चिम बंगालः कोलकाता में भारी बारिश, कल लैंडफॉल की संभावना
कोलकाता में भारी बारिश हो रही है और कल यानी बुधवार को इसी इलाके में अम्फान तूफान के आने का अनुमान है। 
 

05:44 PM, 19-May-2020

बंगाल में एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया

पश्चिम बंगाल के तटों के निकट महाचक्रवात ‘अम्फान’ के पहुंचने के बीच राज्य सरकार ने तटीय जिलों से एक लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है और डेढ़ लाख और लोगों को निकाले जाने की प्रक्रिया चल रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सुंदरबन समेत तटीय जिलों पूर्वी मिदनापुर, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना को सतर्क किया गया है।

उन्होंने कहा कि हम पहले ही लगभग एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुके है, जो ज्यादातर निचले इलाकों से हैं और अभी मंगलवार की रात तक डेढ़ लाख और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि निकाले गए लोगों को चक्रवात शिविरों, स्कूलों और कॉलेजों में रखा गया है। 
 

05:06 PM, 19-May-2020

जनरेटर सेट की व्यवस्था करें टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्सः टेलीकॉम सचिव

टेलीकॉम सचिव अंशु प्रकाश ने कहा कि राज्यों के सभी टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स से कहा गया है कि वे सभी जिलों में पर्याप्त डीजल के साथ जनरेटर सेट की व्यवस्था करें। ताकि अगर बिजली बाधित होती है तो इन जनरेटरों की मदद से टावरों को फिर से चालू किया जा सके।

04:29 PM, 19-May-2020

दोहरी चुनौती का सामना कर रहे हैंः एनडीआरएफ प्रमुख एसएन प्रधान

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल (एनडीआरएफ) की ओडिशा में 15 और पश्चिम बंगाल में 19 टीमें तैनात की गई हैं। एनडीआरएफ के प्रमुख एसएन प्रधान ने कहा कि ये टीम जागरूकता, संचार और लोगों को बाहर निकालने का काम कर रही हैं। बंगाल में दो टीम निकलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हम इस समय दोहरी चुनौती का सामना कर रहे हैं।
 

04:22 PM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में अम्फान तूफान का असर दिखने लगा है, जिले में भारी बारिश शुरू हो चुकी है।
 

04:16 PM, 19-May-2020

प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्देशः जेपी नड्डा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि तूफान अम्फान ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। आंशिक रूप से तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश को भी छू रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं को राहत कार्यों और लोगों की निकासी प्रक्रिया में प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
 

04:10 PM, 19-May-2020

तीन लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अम्फान के खतरे को देखते हुए तीन तटीय जिलों से अब तक लगभग तीन लाख लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। मैं रेलवे से अनुरोध करती हूं कि एहतियात के तौर पर प्रवासी श्रमिकों को बुधवार, बृहस्पतिवार की सुबह पश्चिम बंगाल वापस नहीं लाया जाए।
 

03:15 PM, 19-May-2020

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में एनडीआरएफ की 36 टीमें तैनात

गृह मंत्रालय ने बताया है कि 36 राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें वर्तमान में ओडिशा और पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। नौसेना और वायु सेना और तटरक्षक बल के जहाजों और विमानों के साथ सेना और नौसेना के बचाव और राहत दल को स्टैंडबाय पर रखा गया है।

03:02 PM, 19-May-2020

कैबिनेट सचिव ने अम्फान को लेकर तीसरी बैठक की

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने चक्रवाती तूफान अम्फान से निपटने के लिए राज्यों और केंद्रीय मंत्रालयों/एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) की तीसरी बैठक की अध्यक्षता की। गृह मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी। 

बैठक में ओडिशा के मुख्य सचिव और पश्चिम बंगाल के अतिरिक्त सचिव ने एनसीएमसी को अब तक किए गए तैयारी के उपायों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निचले इलाकों से लोगों को बाहर निकाला जा रहा है। 

उन्होंने यह भी बताया कि खाद्यान्न, पीने के पानी और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए सभी कार्रवाई की गई है। बिजली और दूरसंचार सेवाओं के रखरखाव और बहाली के लिए टीमें भी तैनात की गई हैं।

राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए, कैबिनेट सचिव ने राज्य सरकारों से कहा कि वे चक्रवात के रास्ते में आने वाले निचले इलाकों से लोगों की समय पर और पूर्ण निकासी सुनिश्चित करें और भोजन, पेयजल, और दवाओं जैसे आवश्यक सामानों की पर्याप्त मात्रा बनाए रखें।

02:13 PM, 19-May-2020

राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से लोगों की मदद की अपील की

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अम्फान चक्रवाती तूफान के मद्देनजर मंगलवार को पश्चिम बंगाल और ओडिशा के अपने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे लोगों को खतरे के बारे में आगाह करें एवं उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में मदद करें।

उन्होंने ट्वीट किया कि कोरोना संकट के बीच ‘अम्फान’ तूफान देश में आ रहा है। मैं पश्चिम बंगाल और ओडिशा के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे अपने आसपास के लोगों को खतरे की चेतावनी दें और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद करे। आप सभी सुरक्षित रहें।

12:32 PM, 19-May-2020

तट पर लगाया जा रहा अस्थायी बाड़

पश्चिम बंगाल के ताजपुर और पूर्वी मेदिनीपुर में अम्फान चक्रवात के मद्देनजर नागरिकों द्वारा तट पर अस्थायी बाड़ लगाया जा रहा है।
 

 

12:09 PM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने अम्फान तूफान के मद्देनजर पश्चिम बंगाल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और आगाह किया है कि कोलकाता, हुगली, हावड़ा, दक्षिण और उत्तर 24 परगना और पूर्वी मिदनापुर जिलों में बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि कई स्थानों पर रेल एवं सड़क मार्ग बाधित हो सकते हैं, बिजली एवं संचार के खंभे उखड़ सकते हैं और सभी प्रकार के कच्चे घरों को अत्यंत नुकसान होगा। मौसम विभाग ने तैयार फसलों, बाग-बगीचों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई है।

12:02 PM, 19-May-2020

बंगाल की खाड़ी के ऊपर 250 किमी की रफ्तार से चलेगी हवा

मौसम विभाग ने बताया कि अम्फान तूफान की वजह से पश्चिम मध्य और उसके बगल में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रति घंटे 240 से 250 किलोमीटर की रफ्तार वाली तूफानी हवाओं की स्थिति बन रही है। साथ ही बताया कि मंगलवार शाम तक यह गति घटकर 200 से 210 किलोमीटर प्रति घंटे रह जाएगी जिसमें कभी-कभी 230 किलोमीटर प्रति घंटे की प्रचंड हवाएं चल सकती हैं।

11:51 AM, 19-May-2020

आज दोपहर या बुधवार शाम तक टकराएगा तूफान

मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण-दक्षिणपश्चिम दीघा से 670 किलोमीटर दूर स्थित यह तूफान उत्तरपश्चिम बंगाल की खाड़ी के पास उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा की तरफ बढ़ेगा और आज दोपहर या बुधवार शाम में अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेकर पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों से टकराएगा।

11:50 AM, 19-May-2020

गृह मंत्री शाह ने ममता से बात की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात की, चक्रवात ‘अम्फान’ के कारण उत्पन्न होने वाली स्थितियों से निपटने में मदद का आश्वासन दिया। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी है।

11:46 AM, 19-May-2020

डॉपलर वेदर रडार से चक्रवात को ट्रैक किया जा रहा

भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि अम्फान चक्रवात को विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) से डॉपलर वेदर रडार (डीडब्लूआर) द्वारा लगातार ट्रैक किया जा रहा है।

11:26 AM, 19-May-2020

मौसम विभाग ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में मछली पकड़ने पर रोक लगाई

भारतीय मौसम विभाग ने अम्फान चक्रवात के मद्देनजर पश्चिम बंगाल और ओडिशा में 20 मई तक मछली पकड़ने की सभी गतिविधियों को निलंबित करने का निर्देश दिया। 
 
 

11:14 AM, 19-May-2020

ग्रामीणों को चक्रवात आश्रयों में जाने का किया गया आग्रह

अम्फान चक्रवात को देखते हुए ओडिशा के जगतसिंहपुर में तैनात राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की एक टीम ने ग्रामीणों से क्षेत्र में चक्रवात आश्रयों में जाने का आग्रह किया। 
 
 

10:38 AM, 19-May-2020

अम्फान को लेकर कैबिनेट सचिव करेंगे बैठक

कैबिनेट सचिव राजीव गौबा अम्फान चक्रवात को लेकर आज दोपहर 12.00 बजे राष्ट्रीय संकट निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। एनडीआरएफ और रक्षा बलों की तत्परता के अलावा, बिजली और दूरसंचार विभागों को आपातकालीन प्रतिक्रिया के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया गया है।

09:43 AM, 19-May-2020

तटीय इलाकों के लोगों को आश्रय स्थल भेजा गया

ओडिशा में चक्रवाती तूफान अम्फान को देखते हुए तटीय इलाके जगतसिंहपुर के निवासियों को कल रात आश्रय स्थलों पर भेज दिया गया। अम्फान से होने वाली तेज बारिश और हवाओं के मद्देनजर सरकार ने यह कदम उठाया है। 
 

 

09:42 AM, 19-May-2020

चक्रवात 14 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से बढ़ रहा

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने जानकारी दी है कि पश्चिम-मध्य और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटा चक्रवाती तूफान अम्फान पिछले छह घंटे से 14 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से  उत्तर-उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहा है। आईएमडी ने बताया कि तूफान आज सुबह 5.30 बजे से बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य पर केंद्रित है, जो ओडिशा के पारादीप से 520 किमी दूर है। 
 
 

08:19 AM, 19-May-2020

पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट से आज दोपहर या शाम तक टकरा सकता है तूफान

चक्रवाती तूफान अम्फान ने सोमवार को बेहद विकराल रूप ले लिया था। वहीं, भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी दी कि अम्फान चक्रवात के बहुत हद तक उत्तर-उत्तरपूर्व की तरफ मुड़कर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी ओर जाने की संभावना है। 

इसके पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तट के बीच दिगी और हतिया द्वीपों, जो सुंदरबन के करीब हैं, के पास से आज दोपहर/शाम तक गुजरने की संभावना है। यहां पहुंचने तक यह चक्रवाती तूफान अत्यंत गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। 

08:11 AM, 19-May-2020

Amphan Cyclone: पश्चिम बंगाल की खाड़ी में दूसरी बार आ रहा है ऐसा तूफान

ओडिशा: 11 लाख लोगों को निकाला जा रहा
चक्रवाती तूफान ‘अम्फान’ के चलते तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए ओडिशा सरकार ने संवेदनशील इलाकों से 11 लाख लोगों को निकालना शुरू कर दिया है। इन लोगों को अस्थायी शेल्टर होम में पहुंचाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल सरकार ने भी निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया है। 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें