शमसाबाद की ओरिएंटल बैंक शाखा में लाइन में लगे ग्राम बांस महुआ निवासी मनोज ने आगे निकलने की कोशिश की तो गार्ड ने उसके सिर में जोर से डंडा मार दिया। वह लहूलुहान हो गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसने थाने में गार्ड के खिलाफ शिकायत की है। मनोज का कहना था कि उसके घर पर राशन तक नहीं है। उसने गार्ड को मजबूरी बताई लेकिन उसने बेरहमी से उस पर डंडे से वार किया।
उधर, खंदौली में ग्राम मुढ़ी चौराहा पर स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त में पिछले दस दिनों से चक्कर काट रही महिलाएं और ग्रामीणों को कैश नहीं मिला तो उन्होंने प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने आगरा-जलेसर मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर उन्हें समझाया। दो घंटे बाद जाम खोला गया।
पिनाहट कस्बा क्षेत्र के अंतर्गत अरनोटा रोड स्थित स्टेट बैंक पर शनिवार को बैंक में लाइन तोड़कर जबरदस्ती अंदर घुस रहे दो युवकों को सिपाही ने रोका तो उन्होंने उसे पीट दिया। सिपाही घायल हो गया। उसे भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि युवकों में रामपाल गुर्जर निवासी लडउआपुरा है। उसने खुद को सैनिक बताया है। आठ दिसंबर को उसकी बेटी की शादी है। दूसरा युवक साथी राजकिशोर निवासी लडउआपुरा थाना बसई अरेला का रहने वाला है। एसओ ने बताया कि दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
उधर, अरनोटा रोड स्थित स्टेट बैंक पर कैश निकालने के लिए बैंक परिसर के बाहर शनिवार को भीड़ लगी हुई थी। तभी बैंक कर्मचारियों ने तीन बजे बैंक के गेट को अंदर से बंद कर दिया। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने बैंक का शटर बंद करके जमकर हंगामा किया।