देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल 'सीआरपीएफ' में एसआई (जीडी) विजय कुमार प्रसाद ने ड्यूटी पर अपनी रिटायरमेंट से एक दिन पहले आत्महत्या कर ली है। विजय कुमार ने 41 साल 10 माह और 29 दिन तक बल की सेवा की है। उन्होंने मंगलवार को 59 साल, 11 महीने और 29 दिन की आयु में यह आत्मघाती कदम उठाया है। यह घटना सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर 'खटखटी' में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, एसआई (जीडी) विजय कुमार प्रसाद को 30 अप्रैल को रिटायर होना था। एक दिन पहले यानी 29 अप्रैल को ग्रुप केंद्र के जीओ मैस में विजय कुमार ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। विजय कुमार का जन्म 5 अप्रैल 1965 को हुआ था। उन्होंने 1983 में बल ज्वाइन किया था। चूंकि उन्होंने बहुत कम आयु में नौकरी ले ली थी, इसलिए उनका सेवाकाल भी लंबा रहा है। उन्होंने सीआरपीएफ में 41 साल 10 माह और 29 दिन तक नौकरी की।
एसआई विजय कुमार, पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के नेताजी पार्क सेकेंड लेन, के रहने वाले थे। आत्महत्या के दौरान कमरा अंदर से बंद था। वे अपने पीछे पत्नी और बेटा छोड़ गए हैं। उन्हें सूचित कर दिया गया है। इस मामले की एफआईआर पीएस खटखटी, कार्बी आंगलोंग में दर्ज कराई गई है। सीआरपीएफ ने इस मामले की कोर्ट आफ इन्क्वायरी के आदेश दिए हैं। विजय कुमार, बटालियन क्वार्टर मास्टर एसआई के चार्ज में था।