दिल्ली-रांची से भेजे गए वरिष्ठ अफसर
सूत्रों ने बताया कि केंद्र की तरफ से शुक्रवार को मणिपुर के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की 20 कंपनियां भेजी गई हैं। इसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की कंपनियां शामिल हैं। इसके अलावा सीआरपीएफ के डीआईजी रैंक के पांच और एसएसपी और एसपी रैंक के सात अधिकारियों को भी सुरक्षा बलों की तैनाती में सहयोग करने के लिए तैनात किया गय है। इनमें से कुछ अधिकारी दिल्ली और रांची से भी भेजे गए हैं।
सीआरपीएफ ने राज्य में छुट्टी पर गए मणिपुर मूल के कर्मियों से नजदीकी बेस पर रिपोर्ट करने को कहा है
सीआरपीएफ ने जारी मुठभेड़ में कोबरा कमांडो के मारे जाने के मद्देनजर मणिपुर के रहने वाले और अपने गृह राज्य में छुट्टी पर गए अपने कर्मियों को परिवार के सदस्यों के साथ अपने नजदीकी सुरक्षा अड्डे पर तत्काल रिपोर्ट करने का निर्देश दिया।
अधिकारियों ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा के कमांडो, जो छुट्टी पर थे, उनकी शुक्रवार दोपहर मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में उनके गांव में सशस्त्र हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिल्ली में 3.25 लाख कर्मियों वाले मजबूत बल के मुख्यालय ने अपने सभी फील्ड कमांडरों को मणिपुर से आने वाले अपने ऑफ-ड्यूटी कर्मियों से तुरंत संपर्क करने और उन्हें संदेश देने के लिए कहा।
हिंसा में योगदान देने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
मणिपुर के डीजीपी पी डोंगल ने कहा कि सुरक्षा बलों की वजह से, स्थिति में सुधार हुआ है और हमें सख्त आदेश मिले हैं कि हिंसा में योगदान देने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।