देश के सबसे बड़े केंद्रीय अर्धसैनिक बल सीआरपीएफ में 'खिदमतगार' और 'दफ्तरी' की किस्मत खुल गई है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने सीआरपीएफ में सिपाही (दफ्तरी, चपरासी, फर्राश/खिदमतगार और सफाई कर्मचारी 'मिनिस्ट्रियल') के कैडर रिव्यू को मंजूरी दे दी है। अब निचले स्तर के कई पदों में कटौती या बढ़ोतरी हुई है। हालांकि इस कैडर रिव्यू में हवलदार 'दफ्तरी' के 75 पद स्वीकृत किए गए हैं। सिपाही 'दफ्तरी' के 74 पद खत्म कर दिए गए हैं। हवलदार 'खिदमतगार' के 20 पद मंजूर किए गए हैं। इससे पहले इन पदों की संख्या शून्य रही है। इसी तरह से कई दूसरे पदों की संख्या में भी इजाफा या कटौती हुई है।
वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सीआरपीएफ के उक्त कैडर रिव्यू को 17 सितंबर को मंजूरी दी है। इस बल के मौजूदा ढांचे में गेस्टेटनर ऑपरेटर यानी प्रिंटिंग मशीन का संचालन करने के लिए हवलदार का एक पद स्वीकृत था। इसे हवलदार 'साइक्लोस्टाइल मशीन' का पद भी बोला जाता है। अब इस पद को ही खत्म कर दिया गया है। सातवें वेतन आयोग में इस पद को लेवल 4 में रखा गया था। हवलदार 'दफ्तरी', जो लेवल 4 में आता है, इसका एक भी पद नहीं था। अब हवलदार 'दफ्तरी' के 75 पद मंजूर किए गए हैं। लंबे समय से सिपाही के पद पर काम करने वालों को अब पदोन्नति मिलेगी।
सिपाही 'दफ्तरी' का पद, जो लेवल 3 में आता है, मौजूदा समय में ऐसे 350 पद हैं। अब इनमें 74 पदों की कटौती कर दी गई है। लेवल 4 में आने वाले हवलदार (चपरासी) का कोई पद नहीं था। अब हवलदार (चपरासी) के 131 पद सृजित किए गए हैं। इससे सिपाही (चपरासी) के पद पर काम करने वालों को पदोन्नति मिल जाएगी। बल में लेवल 3 में सिपाही (चपरासी) के 528 पद थे। अब इनमें से 131 पद खत्म कर दिए गए हैं। लेवल 4 में शामिल हवलदार (फर्राश/खिदमतगार) का कोई पद नहीं था। अब फर्राश/खिदमतगार के 20 पद सृजित किए गए हैं।
सीआरपीएफ में लेवल 3 में शामिल सिपाही (फर्राश/खिदमतगार) के 65 पद थे। अब इनमें 20 पदों की कटौती कर दी गई है। हवलदार (सफाई कर्मचारी 'मिनिस्ट्रियल), लेवल 4 में आता है। अभी तक बल में इसक कोई पद नहीं था। अब नए कैडर रिव्यू में हवलदार (सफाई कर्मचारी 'मिनिस्ट्रियल) के 20 पद सृजित किए गए हैं। बल में सिपाही (सफाई कर्मचारी 'मिनिस्ट्रियल), का पद, जो लेवल 3 में आता है, इसके 63 पद थे। अब कैडर रिव्यू में सिपाही (सफाई कर्मचारी 'मिनिस्ट्रियल) के 20 पदों की कटौती कर दी गई है। कैडर रिव्यू में कुल 1007 पद शामिल हैं।