सीआरपीएफ 57वें डीएजीओ बैच का प्रशिक्षण शुरू
- फोटो : Amar Ujala Graphics
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल अकादमी, कादरपुर, गुरुग्राम में बुधवार को सीधे नियुक्त राजपत्रित अधिकारियों (डीएजीओ) के 57वें बैच के आधारभूत प्रशिक्षण का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। 57वें बैच में देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए कुल 99 प्रशिक्षु अधिकारी, जिनमें 03 महिला अधिकारी शामिल हैं, प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
28 अधिकारियों को पहले से सेवा का अनुभव
बैच की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक पृष्ठभूमि विविधतापूर्ण है। इनमें 22 स्नातकोत्तर तथा 77 स्नातक अधिकारी हैं। बैच की औसत आयु 26.8 वर्ष है। इनमें से 28 अधिकारियों को सशस्त्र सेनाओं, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस तथा अन्य सरकारी संस्थानों में पूर्व सेवा का अनुभव भी प्राप्त है। इसके अतिरिक्त, कई प्रशिक्षु अधिकारियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हैं।
'अच्छा अधिकारी बनने से पहले अच्छा इंसान बनें'
इस मौके पर महानिदेशक सीआरपीएफ जीपी सिंह, ने प्रशिक्षु अधिकारियों को अकादमी में उपलब्ध कठोर एवं व्यापक प्रशिक्षण का पूर्ण लाभ उठाने तथा स्वयं को सक्षम, अनुशासित और संवेदनशील नेतृत्वकर्ता के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि एक अच्छे अधिकारी होने से पहले एक अच्छा इंसान बनना आवश्यक है तथा अधीनस्थ कार्मिकों के साथ सम्मान, गरिमा और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करते हुए व्यक्तिगत उदाहरण द्वारा उनका नेतृत्व किया जाना चाहिए। जीपी सिंह ने सीआरपीएफ की विश्व के सर्वाधिक अलंकृत सशस्त्र पुलिस बलों में से एक के रूप में प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया।
शारीरिक दक्षता और अनुशासन पर जोर
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को उच्च स्तर की शारीरिक दक्षता प्राप्त करने एवं उसे निरंतर बनाए रखने, प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और समर्पण के साथ ग्रहण करने, अपने व्यावसायिक ज्ञान को सतत विकसित करने तथा बल के अधिकारी के लिए आवश्यक चरित्र, सत्यनिष्ठा, अनुशासन एवं नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर सुनील जून, अपर महानिदेशक/निदेशक, सीआरपीएफ अकादमी सहित बल के दूसरे वरिष्ठ अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।