प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के नाम को लेकर केंद्र की एनडीए और बिहार की जदयू-राजद सरकार के बीच विवाद बढ़ सकता है। बिहार में सत्ताधारी जदयू ने कहा है कि वह गैर-एनडीए मुख्यमंत्रियों से अपील करेंगे कि पीएम फसल बीमा योजना के नाम बदलने की मांग को वह समर्थन दें। दरअसल, बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने मांग की थी कि पीएम फसल बीमा योजना का नाम बदला जाना चाहिए। नीतीश की इस मांग को कृषि मंत्री राधामोहन ने बेतुका बताया और कहा था कि अन्य राज्यों ने इसके नाम पर आपत्ति नहीं की फिर नीतीश कुमार को इससे क्या समस्या है।
जदयू महासचिव केसी त्यागी ने कहा, 'लगातार केंद्र सरकार की योजनाओं की संख्या बढ़ रही है। पीएम नरेंद्र मोदी सहकारी संघवाद की बात करते हैं लेकिन यह प्रवृति संघवाद के विचार को दबा रही है।' जदयू नेता ने कहा, 'अगर नीतीश कुमार ने पीएम फसल बीमा योजना का नाम बदलने की मांग की है तो इसमें क्या गलती है। इस स्कीम में 50 फीसदी धरराशि राज्य को देनी होती है और 50 केंद्र को, फिर इसका नाम पीएम फसल बीमा योजना रखने का क्या तुक है।'